TMKOC: जेनिफर मिस्त्री ने 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के मेकर्स को लेकर किए नए खुलासे, भाई की मौत पर खोला राज
Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah: जेनिफर मिस्त्री बंसीवाल ने 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' शो के मेकर्स के खिलाफ अपनी आवाज उठाई है और बताया कि उनके भाई की मौत के बाद उनके साथ कैसा बर्ताव हुआ था।

Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah: टीवी का पॉपुलर शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' पिछले कुछ समय से सुर्खियों में छाया हुआ है। इस शो में मिसेज सोढ़ी का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस जेनिफर मिस्त्री बंसीवाल ने पहले ही सीरियल के प्रोड्यूसर और दो अन्य लोगों पर कई तरह के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसी बीच इस शो की टीम के बीच चल रहा झगड़ा और ज्यादा बढ़ गया है क्योंकि जेनिफर ने अब शो के प्रोड्यूसर असित मोदी, प्रोजेक्ट हेड सोहेल रमानी और कार्यकारी निर्माता जतिन बजाज के खिलाफ कई और चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
जेनिफर मिस्त्री ने किए कई नए खुलासे
पिंकविला को दिए एक इंटरव्यू में जेनिफर मिस्त्री बंसीवाल ने निडर होकर शो में अपने अनुभव के बारे में बताया है। उन्होंने असित मोदी के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला, शो के सेट पर लड़ाई, उनके खिलाफ बोलने वाले लोगों का पर्दाफाश किया है। आपको बता दें कि 44 वर्षीय जेनिफर ने पिछले कुछ सालों में शो के मेकर्स द्वारा उनके साथ किए गए बुरे बर्ताव का सामना करने के लिए अपनी आवाज उठाई है।
जेनिफर ने शो के मेकर्स के खिलाफ उठाई आवाज
इंटरव्यू में जेनिफर मिस्त्री अपने छोटे भाई की मौत को याद करते हुए भी इमोशनल हो गई थीं। ऐसे में उन्होंने कहा कि उनके भाई, एक्ट्रेस मोनिका भदौरिया और नट्टू काका यानी दिवंगत एक्टर घनश्याम नायक ने ही उन्हें 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के मेकर्स के बुरे बर्ताव के खिलाफ आवाज उठाने की ताकत दी थी। आपको बता दें कि घनश्याम नायक 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' शो की शुरुआत से ही इसका हिस्सा थे और लोगों के पसंदीदा एक्टर्स में से एक थे। उनके निधन के बाद किरण भट्ट को उनका रोल सौंपा गया था।
'भाई की तबीयत खराब होने पर मांगी थी छुट्टी'
इस इंटरव्यू में जेनिफर अपने भाई की मौत को याद करते हुए टूट गईं और उन्होंने दावा किया कि सोहेल रमानी ने शुरू में छुट्टी मांगने पर उन पर चिल्लाया था। ये वो वक्त था जब जेनिफर के भाई वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। उन्होंने कहा- जब मेरा भाई वेंटिलेटर पर था, तो मैंने उससे कहा कि मुझे दो दिनों के लिए नागपुर जाना होगा। उन्होंने कहा था मेरा शूट छोड़ कर नहीं जा सकती। मेरा शूट छोड़ कर गई तो देखना। मेरा शूट जब खत्म होगा तब जा सकती हो। तब मैंने उससे कहा था- क्या तुम समझ रहे हो कि तुम क्या कह रहे हो। मेरा भाई वेंटिलेटर पर है। डॉक्टर ने बोला है वो मर जाएगा।
'भाई की मौत के बाद मेरी सैलरी नहीं काटी थी'
जेनिफर मिस्त्री ने ये भी स्पष्ट किया कि उनके भाई की मौत के बाद असित मोदी ने उन्हें तुरंत काम पर वापस आने के लिए नहीं कहा था। जेनिफर ने खुलासा किया कि शो के प्रोड्यूसर ने उससे अच्छी तरह से बात की थी और यहां तक कि सोहेल ने भी शो में उनके उपस्थित न रहने के लिए उनकी सैलरी नहीं काटी थी। जेनिफर ने कहा- हालांकि इन लोगों ने मुझे मेरे डैडी की डेथ के बाद 4 दिनों के अंदर ही शूट पर बुला लिया था।
'इसका भाई मरा है, पैसा हमने दिया है'
जेनिफर मिस्त्री ने आगे कहा- शो के मेकर्स ने इसके लिए मुझे बाद में बार बार सुनाया। सोहेल लगातार कहते थे- इसका भाई मरा है, उसका पैसे हमने दिया है। वहीं जेनिफर ने कहा कि शो के नट्टू काका यानी एक्टर घनश्याम नायक जिनका अक्टूबर 2021 में निधन हो गया था, भी इस सीरियल के निर्माताओं से परेशान थे। उन्होंने कहा- नट्टू काका को भी इन लोगों ने बहुत परेशान किया था।
नट्टू काका के साथ भी गलत हुआ
इससे पहले, एक इंटरव्यू में मोनिका भदौरिया ने भी शेयर किया था कि घनश्याम नायक उर्फ शो के नट्टू काका को सेट पर काफी परेशान किया जाता था। उन्होंने शेयर किया था कि सोहेल ने घनश्याम नायक को भी गाली दी थी। मोनिका ने कहा था कि सेट पर एक्टर्स को 'कुत्तों' की तरह माना जाता है। उनको भी जमकर टॉर्चर किया था यहां तक कि सीरियल छोड़ देने के बाद उनको एक साल तक पैसे नहीं दिए गए थे।












Click it and Unblock the Notifications