Tiger Shroff केस में ट्विस्ट, 11 शूटर, 3 ग्रुप, 8 महीने की प्लानिंग से हुआ सबकुछ, अनिल पंडित ने उठाया खर्च
Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे साजिश की नई परतें खुल रही हैं। पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया है कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए एक सुनियोजित नेटवर्क तैयार किया गया था। मामले में गिरफ्तार 11 आरोपियों से पूछताछ और उनके मोबाइल फोन की तकनीकी जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य साजिशकर्ता और वांटेड आरोपी अनिल पंडित ने पूरी योजना को तीन अलग-अलग ग्रुप में बांट रखा था।
11 आरोपियों को तीन ग्रुप में बांटकर तैयार की गई थी साजिश
हर ग्रुप को अलग जिम्मेदारी दी गई थी ताकि वारदात को अंजाम देने के दौरान नेटवर्क के दूसरे सदस्यों की पहचान छिपी रहे। मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर फायरिंग की योजना को बेहद व्यवस्थित तरीके से तैयार किया गया था। मुख्य आरोपी अनिल पंडित ने सभी 11 आरोपियों को उनकी भूमिका के हिसाब से तीन समूहों में बांटा था।

तीन ग्रुप ने संभाली अलग-अलग जिम्मेदारी
-पहले ग्रुप को मुंबई में रेकी करने और फायरिंग की वारदात को अंजाम देने का काम सौंपा गया था। इसमें फूल सिंह, रेहान सिद्दीकी, ऋतिक कुमार और अंकित खटव शामिल थे। इन लोगों की जिम्मेदारी वारदात से पहले इलाके की जानकारी जुटाने और फिर हमले को अंजाम देने की थी।
-दूसरे ग्रुप को हथियारों की व्यवस्था करने का काम दिया गया था। इस टीम में प्रांजल, कुणाल, सुमित और जतिन को शामिल किया गया था। वहीं तीसरे ग्रुप की जिम्मेदारी खरीदे गए हथियारों को सुरक्षित तरीके से मुंबई तक पहुंचाने की थी। इसमें समीर, कुणाल, उसकी गर्लफ्रेंड राधा और उसकी दोस्त बबीता शामिल थीं।
-जांच एजेंसियों को ये भी पता चला है कि राधा, बबीता, कुणाल, सुमित और प्रांजल को इस बात की जानकारी थी कि हथियार मुंबई क्यों भेजे जा रहे हैं और उनके जरिए किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी है।
मार्च 2026 से शुरू हो गई थी फायरिंग की तैयारी
-क्राइम ब्रांच की जांच में एक और अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक टाइगर श्रॉफ के घर पर फायरिंग की साजिश अचानक नहीं बनी थी बल्कि इसकी तैयारी वारदात से करीब आठ महीने पहले यानी मार्च 2026 में शुरू हो गई थी।
-इसी दौरान साजिश में शामिल रणदीप मलिक ने कुणाल और रेहान की मुलाकात अनिल पंडित से करवाई थी। इस मुलाकात के बाद अनिल पंडित ने अपने नेटवर्क के दूसरे सदस्यों को साथ लेकर हमले की पूरी योजना तैयार करनी शुरू कर दी।
-पुलिस का दावा है कि साजिश को अंतिम रूप देने के बाद वारदात से करीब 25 दिन पहले यानी 23 सितंबर 2026 को अनिल पंडित ने अपने दो प्रमुख शूटर फूल सिंह और रेहान को अंकित के साथ मुंबई भेजा था। इन लोगों को शहर में रहकर आगे की गतिविधियों को अंजाम देना था।
अनिल पंडित ने उठाया था पूरी साजिश का खर्च
-इस मामले में आर्थिक लेन-देन को लेकर भी पुलिस की जांच जारी है। क्राइम ब्रांच के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, फायरिंग की साजिश तैयार करने से लेकर उसे अंजाम देने तक का पूरा खर्च अनिल पंडित ने उठाया था।
-अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों की पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपियों के बीच कितने पैसे का लेन-देन हुआ और हथियारों की खरीद से लेकर अन्य गतिविधियों के लिए रकम कहां से भेजी गई थी। जांच एजेंसियां ये भी पता लगा रही हैं कि इस नेटवर्क में शामिल दूसरे लोगों तक आर्थिक मदद किस माध्यम से पहुंचाई गई थी।
मोबाइल फोन से मिले WhatsApp चैट और वॉइस नोट्स
-पुलिस की जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन अहम सबूत बनकर सामने आए हैं। क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार लोगों के फोन की फॉरेंसिक और तकनीकी जांच के दौरान कई जरूरी डिजीटल सबूत जुटाए हैं।
-इनमें व्हाट्सएप चैट, वॉइस नोट्स और एक-दूसरे को भेजे गए वीडियो शामिल हैं। जांचकर्ताओं के मुताबिक कुणाल और प्रांजल लगातार अनिल पंडित के संपर्क में थे। पुलिस इन डिजीटल सबूतों के जरिए आरोपियों के बीच हुई बातचीत, उनकी गतिविधियों और पूरी साजिश में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
-फिलहाल क्राइम ब्रांच इस मामले से जुड़े आर्थिक लेन-देन, डिजीटल सबूतों और आरोपियों के आपसी संपर्कों की कड़ियां जोड़ रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और साजिश के पीछे की भूमिका को लेकर भी नए खुलासे होने की संभावना है।


Click it and Unblock the Notifications
