The Kerala Story 2 BO Collection Day 4: 'द केरल स्टोरी 2' बॉक्स ऑफिस पर ठंडी, जानें चौथे दिन की कमाई
The Kerala Story 2 Box Office Collection Day 4: फिल्म 'द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड' सिनेमाघरों में आने से पहले ही विवादों के केंद्र में रही थी। कानूनी चुनौतियों से लेकर कोर्ट तक पहुंचे मामले ने फिल्म को खूब सुर्खियां दिलाईं लेकिन रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों की प्रतिक्रिया उम्मीद के मुताबिक नजर नहीं आ रही है।
रिलीज से पहले विवाद, रिलीज के बाद ठंडी प्रतिक्रिया
साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म 'द केरल स्टोरी' जहां भारी विवादों के बावजूद सुपरहिट साबित हुई थी, वहीं इसके सीक्वल को वैसी ओपनिंग मिलती नहीं दिख रही है।

30 करोड़ के बजट वाली फिल्म को नहीं मिला स्ट्रॉन्ग रिस्पॉन्स
करीब 30 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का निर्देशन कामख्या नारायण सिंह ने किया है। रिलीज से पहले कोर्ट ने भी फिल्म की कहानी पर चिंता जताते हुए कहा था कि इसमें सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित करने की संभावना दिखाई देती है जिसके चलते फिल्म कानूनी विवादों में घिर गई थी। हालांकि इतने शोर-शराबे के बावजूद थिएटरों में दर्शकों की भीड़ सीमित ही नजर आ रही है।
क्या है 'द केरल स्टोरी 2' की कहानी?
-फिल्म की कहानी तीन युवतियों, सुरेखा (उल्का गुप्ता), नेहा (ऐश्वर्या ओझा) और दिव्या (अदिति भाटिया), के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी में दिखाया गया है कि तीनों लड़कियां अपनी जिंदगी में आए युवकों पर भरोसा करती हैं लेकिन धीरे-धीरे उनकी जिंदगी एक खतरनाक मोड़ ले लेती है।
-कहानी आगे बढ़ते हुए जबरन धर्म परिवर्तन,शोषण और हिंसा जैसे संवेदनशील मुद्दों को छूती है। फिल्म में कई ऐसे सीन्स हैं जिन्हें काफी तीखा और परेशान करने वाला बताया जा रहा है। हालांकि मेकर्स इसे वास्तविक घटनाओं से प्रेरित बताते हैं मगर आलोचकों का कहना है कि फिल्म का प्रस्तुतीकरण एकतरफा नजर आता है।
चौथे दिन फिल्म ने की इतनी कमाई
-ओपनिंग डे पर धीमी शुरुआत करने वाली फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' की कमाई में वीकेंड पर थोड़ा उछाल जरूर देखने को मिला था लेकिन सोमवार आते ही कलेक्शन फिर नीचे आ गया है।
-सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' ने रिलीज के चौथे दिन यानी 2 मार्च 2026 (सोमवार) को 2.65 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। ऐसे में फिल्म ने चार दिनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 12.80 करोड़ रुपये की कुल कमाई कर ली है।
-इसके अलावा 4 दिनों में फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 15 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गया है। आपको बता दें कि आमतौर पर रविवार के बाद फिल्मों की कमाई गिरती है लेकिन इस फिल्म की गिरावट अपेक्षाकृत ज्यादा मानी जा रही है।
पहले पार्ट से काफी पीछे रह गया सीक्वल
अगर 'द केरल स्टोरी' फिल्म के पहले पार्ट और सीक्वल की शुरुआती कमाई की तुलना करें तो अंतर साफ नजर आता है-
द केरल स्टोरी (2023)
पहला दिन- 8.03 करोड़ रुपए
दूसरा दिन- 11 करोड़ रुपए
तीसरा दिन- 16.6 करोड़ रुपए
चौथा दिन- 10.07 करोड़ रुपए
द केरल स्टोरी 2 (2026)
पहला दिन- 75 लाख रुपए
दूसरा दिन- 4.65 करोड़ रुपए
तीसरा दिन- 4.75 करोड़ रुपए
चौथा दिन- 2.65 करोड़ रुपए
पहले पार्ट की तुलना में सीक्वल की रफ्तार काफी धीमी दिखाई दे रही है।
फिल्म के स्टारकास्ट और विवाद दोनों चर्चा में
फिल्म में उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। फिल्म के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह की ये मूवी संवेदनशील विषय पर आधारित है लेकिन समीक्षकों का मानना है कि कहानी कई जगह संतुलन खोती हुई महसूस होती है।
क्या लंबी रेस में टिक पाएगी 'द केरल स्टोरी 2'?
अब सबकी नजर फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' के आने वाले दिनों की कमाई पर टिकी है। अगर वर्ड ऑफ माउथ मजबूत नहीं हुआ तो 'द केरल स्टोरी 2' के लिए बॉक्स ऑफिस पर लंबी दौड़ तय करना मुश्किल हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications