'तारक मेहता...' को लगा एक और झटका, डायरेक्टर ने 14 साल बाद अचानक इस वजह से छोड़ा शो
तारक मेहता का उल्टा चश्मा के डायरेक्टर मालव राजदा ने शो को अलविदा कह दिया है। माना जा रहा है कि उनकी प्रोडक्शन टीम के साथ कुछ अनबन चल रही थी।

टेलीविजन का मशहूर शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा के फैंस को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। सीरियल के किरदार एक के बाद एक शो छोड़कर जा रहे हैं। दिशा वकानी और शैलेश लोढ़ा जैसे बड़े और पुराने कलाकारों के शो छोड़ने के बाद अब सीरियल के डायरेक्टर मालव राजदा ने भी शो क्विट कर दिया है। मालव राजदा का ये फैसला काफी हैरानी भरा है, जिसने शो के फैंस को तगड़ा झटका दिया है।

डायरेक्टर के फैसले से फैंस हैरान
लंबे समय से शो के साथ जुड़े डायरेक्टर के इस फैसले पर यकीन कर पाना फैंस के लिए बेहद मुश्किल है। शो को बुलंदियों पर पहुंचाने का उनका योगदान कभी भी भुलाया नहीं जा सकता। ऐसे में अचानक शो छोड़ने के उनके फैसले के बारे में जानकर फैंस काफी हैरानी जता रहे हैं।

पिछले 14 सालों से शो का कर रहे थे डायरेक्शन
बताते चलें कि इससे पहले दिशा वकानी और शैलेश लोढ़ा जैसे बड़े कलाकारों ने भी शो को अलविदा कहा था। वहीं डायरेक्टर की बात करें, मालव राजदा पिछले 14 सालों से तारक मेहता का उल्टा चश्मा शो को डायरेक्ट कर रहे थे।

15 दिसंबर को की आखिरी शूटिंग
जानकारी के मुताबिक डायरेक्टर ने 15 दिसंबर को शो की आखिरी शूटिंग की थी। सूत्रों ने HT को बताया कि शो के डायरेक्टर मालव राजदा और प्रोडक्शन के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी। इसी वजह से उन्होंने शो को छोड़ने का मन बनाया। हालांकि, खुद मालव ने इन सभी बातों को खारिज कर दिया है।

प्रोडक्शन हाउस से नहीं हुई अनबन
हिंदुस्तान टाइम्स संग बातचीत में उन्होंने कहा कि अगर आप अच्छा काम करते हैं तो टीम में क्रिएटिव डिफरेंस होना बेहद आम बात है। प्रोडक्शन हाउस से मेरी कोई अनबन नहीं हुई है। इस शो और इसके प्रोड्यूसर असित भाई का मैं आभारी हूं।
खूबसूरत रहे 14 साल
शो छोड़ने की बात पर उन्होंने कहा कि 14 सालों तक शो करने के बाद मुझे अहसास हुआ कि मैं अपने कंफर्ट जोन में चला गया था। मुझे लगता है कि खुद को क्रिएटिवली ग्रो करने के लिए आगे बढ़कर अपने आप को चैलेंज करना बहुत जरूरी है। ये 14 साल मेरी जिंदगी के खूबसूरत साल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications