कैसे हुई स्वरा भास्कर और एक्टिविस्ट फहाद अहमद की मुलाकात, दिल्ली में प्रोटेस्ट के दौरान शुरू हुई लव स्टोरी
Swara Bhasker Fahad Zirar Ahmad: स्वरा भास्कर ने पॉलिटिकल एक्टिविस्ट फहाद अहमद संग शादी कर ली है। स्वरा और फहाद दोनों जनवरी 2020 में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ एक विरोध प्रदर्शन के दौरान मंच पर मिले थे।

Swara Bhasker and activist Fahad Zirar Ahmad love story: बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने पॉलिटिकल एक्टिविस्ट फहाद अहमद संग शादी कर ली है। स्वरा भास्कर और फहाद अहमद ने सोशल मीडिया के जरिए ये जानकारी 16 फरवरी को दी। फहाद अहमद और स्वरा भास्कर ने कोर्ट मैरिज की है। अपनी शादी के बारे में बताते हुए स्वरा भास्कर ने ट्विटर पर लिखा, ''कभी-कभी आप दूर-दूर तक किसी ऐसी चीज की तलाश करते हैं जो ठीक आपके बगल होती है। हम प्यार की तलाश में थे, लेकिन हमें पहले दोस्ती मिली। और फिर हमने एक-दूसरे को पाया! मेरे दिल में आपका स्वागत है फहाद जिरार अहमद। ये उलझा हुआ है लेकिन आपका है।'' आइए जानें कैसे शुरू हुई स्वरा भास्कर और फहाद अहमद की लव स्टोरी।

कैसे मिले स्वरा भास्कर और फहाद अहमद
34 वर्षीय एक्ट्रेस स्वरा भास्कर और एक्टिविस्ट फहाद अहमद की मुलाकात दिल्ली में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ एक विरोध प्रदर्शन के दौरान मंच पर हुई थी। स्वरा और फहाद जनवरी 2020 में दिल्ली में सीएए प्रोटेस्ट के दौरान सबसे पहली बार एक-दूसरे से मिले। जहां फहाद अहमद ने अपना परिचय समाजवादी पार्टी की शाखा के युवा के अध्यक्ष के रूप में दिया था। स्वरा ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें भी इसका जिक्र है।

पहली मुलाकात में हुई दोस्ती
स्वरा द्वारा शेयर किए वीडियो में दिखता है कि स्वरा और फहाद की मुलाकात एक संक्षिप्त परिचय के साथ शुरू होती है। एक राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में पेश किए गए फहाद अहमद कहते हैं, "लोकतंत्र में चुनी गई सरकार से सवाल पूछना मेरा सबसे देशभक्तिपूर्ण कार्य है।" पहली मुलाकात से ही स्वरा और फहाद एक-दूसरे के दोस्त बन जाते हैं और दोनों की मैसेजिंग ऐप पर बात होने लगती है।

वीडियों में बताया कब-कब क्या हुआ?
स्वरा ने वीडियो में अपनी पहली सेल्फी का भी जिक्र किया है। इसके अलावा उनकी पेट बिल्ली का भी जिक्र है, जिसने दोनों को एक-साथ लाने में मदद की है। स्वरा और फहाद ने 6 जनवरी को अपने कोर्ट के कागजात जमा किए। कोर्ट मैरिज के क्लिप और परिवार की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

'मेरा हाथ थामने के लिए धन्यवाद....'
फहाद अहमद ने सोशल मीडिया पर शादी की जानकारी देते हुए लिखा, ''मुझे कभी नहीं पता था कि ये इतना खूबसूरत हो सकता है। मेरा हाथ थामने के लिए धन्यवाद, प्यार।" इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई तस्वीरों में नवविवाहित जोड़े हाथ में हाथ डाले दिख रहे हैं। स्वरा ने मैरून सिल्क रंग की साड़ी पहनी है और फहाद ने क्रीम रंग के कुर्ते पजामे के साथ मैरून रंग की वेस्टकोट पहनी है।

पिछले महीने स्वरा ने दिया था हिंट
पिछले महीने, स्वरा भास्कर ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के साथ अपने रिश्ते का हिंट दिया था। उन्होंने एक तस्वीर शेयर की थी लेकिन व्यक्ति का चेहरा नहीं दिखाया था। एक इंस्टा पोस्ट से अपने रिलेशनशिप का इशारा करते हुए स्वरा ने फोटो के साथ कैप्शन लिखा था, ''यह प्यार हो सकता है ...''

प्रवक्ता ने की शादी की पुष्टि
स्वरा भास्कर और फहाद अहमद के प्रवक्ता ने इस बात की पुष्टि की है कि इस जोड़ी ने 16 फरवरी 2023 को करीबी दोस्तों और परिवार के साथ एक अंतरंग समारोह में अपनी शादी का पंजीकरण कराया है। शादी का जश्न अगले महीने दिल्ली में शुरू होगा।












Click it and Unblock the Notifications