'सुशांत का 'ब्रह्मास्त्र' करेगा बॉलीवुड को तबाह', बहन मीतू सिंह के पोस्ट के बाद फिर उठी न्याय की मांग
सुशांत सिंह राजपूत की बहन मीतू सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है। जिसमें उन्होंने रणबीर कपूर की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' का जिक्र कर बॉलीवुड पर निशाना साधा है।
मुंबई, 11 सितंबर: बॉलीवुड के दिवगंत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत को 2 साल पूरे हो चुके हैं। लेकिन इसके बावजूद वह आज भी अपने फैंस और परिवार वालों के दिलों में जिंदा हैं। अभिनेता के निधन के बाद से लोगों ने नेपोटिज्म का खुलकर विरोध किया तो वहीं बॉलीवुड पर भी जमकर निशाना साधा। इस बीच अब एक्टर की बहन मीतू सिंह ने सोशल मीडिया पर अभिनेता की एक तस्वीर शेयर कर बॉलीवुड पर जमकर निशाना साधा।

सुशांत सिंह की बहन मीतू सिंह का ने बॉलीवुड पर तंज
इन दिनों रणबीर कपूर की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' चर्चा में हैं। फिल्म को लेकर फैंस के जबरदस्त रिव्यूज मिल रहे हैं। लेकिन वहीं दूसरी तरफ फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से सोशल मीडिया पर बायकॉट ट्रेंड करने लगा। साथ ही सुशांत सिंह राजपूत के फैन क्लब पेज ने सोशल मीडिया पर फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' का पूरी तरह विरोध किया। इस बीच अब सुशांत सिंह राजपूत की बहन मीतू सिंह ने भी बॉलीवुड पर निशाना साधा।
सोशल मीडिया पर शेयर किया पोस्ट
सुशांत सिंह राजपूत की बहन मीतू सिंह ने पोस्ट शेयर कर लिखा, 'सुशांत का ब्रह्मास्त्र इस बॉलीवुड को तबाह करने के लिए काफी है। बॉलीवुड हमेशा लोगों पर राज करना चाहता है, कभी आपसी सम्मान और विनम्रता में कमी न आने दें। हम ऐसे लोगों को अपने देश का चेहरा कैसे बना सकते हैं जो नैतिक मूल्यों में इतने समृद्ध हैं? जनता का दिल जीतने की उनकी कोशिश ढोंग साबित हो चुकी है। केवल गुणवत्ता और नैतिक मूल्य ही ऐसी चीज है जो प्रशंसा और सम्मान दिला सकते हैं।'

ट्रेंड होने लगा जस्टिस फॉर सुशांत
मीतू सिंह के इस पोस्ट से फैंस अंदाजा लगा रहे हैं कि उनका निशाना रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' पर है। हालांकि मीतू सिंह के इस पोस्ट को देख फैंस एक बार फिर सुशांत सिंह को याद कर फिल्म का विरोध कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी #justiceforsushantsinghrajput ट्रेंड करने लगा है।

फैंस ने फिर की न्याय की मांग
नीतू सिंह के इस पोस्ट पर फैंस तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं। तो वहीं कुछ फैंस एक बार फिर सुशांत सिंह के न्याय की मांग कर रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट कर लिखा, 'कर्म अब भुगतान कर रहा है !!! बॉलीवुड अब खत्म हो गया है !! ऐसा तब होता है जब वो खुद को भगवान समझते हैं !! एसएसआर हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे'।

सुशांत की मौत को हुए 2 साल
बता दें कि, 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत मुंबई स्थित अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे। हालांकि पुलिस ने अपनी जांच में इसे आत्महत्या बताया था। अभिनेता की हुई अचानक मौत से फैंस को बड़ा झटका लगा था। जिसके बाद नेपोटिज्म को लेकर बॉलीवुड में कई तरह के विवाद खड़े हुए। हालांकि उनकी मौत को 2 साल से ज्यादा हो चुके हैं लेकिन इसके बावजूद आज भी उन्हें फैंस याद करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications