'सुशांत सिंह राजपूत का पैर टूटा, आंखों पर चोट', मौत के 6 साल बाद बहन श्वेता का पोस्टमार्टम पर शॉकिंग खुलासा
Sushant Singh Rajput Death Case: बॉलीवुड के दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। एक्टर की बहन श्वेता सिंह कीर्ति (Shweta Singh Kirti) ने हाल ही में एक वीडियो शेयर कर अपने भाई की मौत से जुड़े मामले को लेकर कुछ गंभीर दावे किए हैं। कार में रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में श्वेता सिंह कीर्ति ने कथित तौर पर पोस्टमॉर्टम से जुड़ी ऐसी जानकारी सामने आने की बात कही है, जो उनके मुताबिक परिवार को हाल ही में पता चली है।
सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर बहन ने किया बड़ा दावा
श्वेता सिंह कीर्ति के इस वीडियो के सामने आने के बाद सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर सोशल मीडिया पर एक बार फिर बहस शुरू हो गई है। हालांकि उनके नए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और ये बातें साल 2020 में सामने आई आधिकारिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की सार्वजनिक जानकारी से अलग हैं।

सुशांत सिंह राजपूत की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को लेकर बहन श्वेता ने क्या कहा?
-वीडियो में श्वेता सिंह कीर्ति ने दावा किया कि उन्हें हाल ही में सुशांत सिंह राजपूत का पोस्टमॉर्टम करने वाले व्यक्ति से जुड़ी जानकारी मिली है। उनके अनुसार पोस्टमॉर्टम से जुड़े व्यक्ति ने कथित तौर पर बताया कि सुशांत सिंह राजपूत की गर्दन के पास स्टन गन का इस्तेमाल किया गया था। श्वेता ने ये भी दावा किया कि उनके भाई के पैर में चोट थी और शरीर पर काफी जोर लगाए जाने के संकेत थे। उन्होंने आंखों में चोट होने की बात भी कही।
-श्वेता सिंह कीर्ति ने अपने वीडियो में इन बातों को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि इन दावों के समर्थन में उन्होंने वीडियो में कोई नई मेडिकल रिपोर्ट या अन्य दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किया। मौजूदा रिपोर्टिंग में भी इन नए दावों की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।
'नफरत और बदले की भावना में नहीं डूबना चाहती'
-वीडियो में श्वेता सिंह कीर्ति ने अपने भाई सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उन्हें मिले लोगों के प्यार और समर्थन का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अटलांटा से लौटने के बाद कई लोग उनसे मिले और सुशांत को याद करते हुए भावुक हुए।
-श्वेता सिंह कीर्ति ने कहा कि जब किसी अपने के साथ कुछ गलत होता है, तो उस घटना को स्वीकार करना और माफ करना बेहद मुश्किल हो सकता है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि वह खुद को नफरत, गुस्से या बदले की भावना में नहीं रखना चाहतीं।
-श्वेता के मुताबिक मुताबिक उनकी जिंदगी का उद्देश्य प्यार, विश्वास, अच्छाई और ईश्वर के प्रति आस्था के साथ आगे बढ़ना है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि किसी दर्दनाक घटना की वजह से वे अच्छाई और ईश्वर पर अपना भरोसा न खोएं।
'न्याय के लिए लड़ें लेकिन प्यार के साथ'
श्वेता सिंह कीर्ति ने अपने वीडियो के साथ एक कैप्शन भी लिखा है। उन्होंने लिखा है- न्याय या सही चीज के लिए आवाज उठाना गलत नहीं है लेकिन ये लड़ाई बदले की भावना से नहीं बल्कि प्यार के साथ लड़ी जानी चाहिए। उन्होंने लोगों से नकारात्मकता से दूर रहने और प्यार को अपनी ताकत बनाने की अपील की। श्वेता के इस मैसेज का एक हिस्सा सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर न्याय की उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग से भी जुड़ा हुआ है।
2020 की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया था?
-श्वेता सिंह राजपूत के ताजा दावों के बीच साल 2020 में सामने आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की जानकारी को भी समझना जरूरी है। 24 जून 2020 को इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक सुशांत सिंह राजपूत की फाइनल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी के कारण दम घुटना बताया गया था।
-शुरुआती रिपोर्ट पर तीन डॉक्टरों ने साइन किए थे जबकि अंतिम रिपोर्ट पर पांच डॉक्टरों के हस्ताक्षर थे। उस रिपोर्ट में शरीर पर किसी तरह के संघर्ष के निशान या बाहरी चोट नहीं मिलने की बात कही गई थी और नाखून भी साफ बताए गए थे।
-हालांकि बाद में कई रिपोर्ट्स में पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए थे। सितंबर 2020 में इंडिया टुडे की रिपोर्ट में कहा गया था कि AIIMS के डॉक्टरों ने Cooper Hospital की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कुछ प्रक्रियागत कमियों की ओर इशारा किया था। इसलिए 2020 में इस मामले को लेकर मेडिकल जांच और रिपोर्ट की व्याख्या पर भी चर्चा हुई थी।
विसरा रिपोर्ट में भी नहीं मिला था जहर
जुलाई 2020 में सामने आई विसरा रिपोर्ट के बारे में इंडिया टुडे ने बताया था कि जांच में किसी तरह के जहर के अंश नहीं मिले और रिपोर्ट ने फाउल प्ले की संभावना को खारिज किया था। उस समय उपलब्ध मेडिकल जांच के अनुसार सुशांत की मौत को फांसी के कारण दम घुटने से हुई मौत बताया गया था।
14 जून 2020 को हुई थी सुशांत सिंह राजपूत की मौत
-सुशांत सिंह राजपूत 14 जून 2020 को मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर में मृत पाए गए थे। वह उस समय 34 साल के थे। शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उनकी मौत का कारण फांसी के कारण दम घुटना बताया गया था।
-सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद ये मामला देशभर में लंबे समय तक चर्चा में रहा। जांच को लेकर कई तरह के सवाल और दावे सामने आए थे जबकि अलग-अलग जांचों और मेडिकल रिपोर्ट को लेकर भी सार्वजनिक बहस होती रही।
-अब सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति के नए वीडियो ने एक बार फिर इस मामले से जुड़े पुराने सवालों को चर्चा में ला दिया है। हालांकि उनके द्वारा किए गए नए दावों और 2020 की उपलब्ध मेडिकल रिपोर्ट के बीच अंतर को देखते हुए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और आधिकारिक जांच के निष्कर्षों को अलग-अलग समझना जरूरी है।


Click it and Unblock the Notifications
