'गदर 2' में जूनियर आर्टिस्ट को पैसे दिए बिना कराया जा रहा काम? सेट पर जमकर हंगामा
मुंबई, 03 मार्च: निर्देशक अनिल शर्मा इन दिनों अपनी हिट फिल्म गदर का सीक्वल 'गदर 2' बना रहे हैं। बीते साल उन्होंने इसका ऐलान करते हुए बताया था कि गदर-2 में एक बार फिर सनी देओल और अमीषा पटेल नजर आएंगे। सनी देओल, अमीषा पटेल और फिल्म की टीम इन दिनों लखनऊ में इस फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। शूटिंग के दौरान यहां फिल्म में काम कर रहे जूनियर आर्टिस्ट ने हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया है। इन लोगों का आरोप है कि निर्माता बिना पैसा दिए काम करा रहे हैं।

हमें हमारे काम के पैसे नहीं दिए जा रहे
लखनऊ के मार्टिनियर बॉयज कॉलेज में गदर 2 की शूटिंग की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार को जूनियार आर्टिस्ट ने काम रोक दिया और सेट पर प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया। जूनियर कलाकारों का कहना है कि लगातार उनसे काम कराया जा रहा है लेकिन जो फीस उनकी तय है, वो उनको नहीं दी जा रही है। ऐसे में बिना पैसे के वो काम नहीं करेंगे। हंगामा की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।

रहने खाने की व्यवस्था भी ठीक नहीं
इन जूनियर आर्टिस्ट ने निर्माता-निर्देशक अनिल शर्मा पर तय शर्तों को ना मानने के आरोप लगाए हैं। इनका कहना है कि सेट पर खाना और पानी तक की सुविधा नहीं दी जा रही है। इसको लेकर सैकड़ों जूनियर कलाकारों ने सेट पर हंगामा किया। इनका कहना है कि वो मुफ्त में काम करने नहीं आए हैं। उनके रहने खाने का सही इंतजाम किया जाए और काम के पैसे दिए जाएं। बता दें कि गदर 2 का काफी हिस्सा लखनऊ के कैसरबाग, हुसैनाबाद और दूसरी लोकेशन पर फिल्माया जाना है।

बीते साल दशहरे पर किया था गदर-2 का ऐलान
अमीषा पटेल, सनी देओल और निर्देशक अनिल शर्मा ने बीते साल दशहरा पर 'गदर 2' का मोशन पोस्टर अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया था। इन लोगों ने ट्विटर अकाउंट से फिल्म का मोशन पोस्टर जारी करते हुए लिखा था कि दशहरा के मौके पर भारतीय सिनेमा में अब तक के सबसे बड़े सीक्वल की घोषणा के साथ हमारा दो दशकों का इंतजार आखिरकार खत्म हो रहा है।

बहुत बड़ी हिट रही थी गदर
साल 2001 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल थी। इस फिल्म की कहानी 1947 के तरफ भारत के बंटवारे पर आधारित थी। बंटवारे में तारा (सनी देओल) अपनी बीवी सकीना (अमीषा पटेल) और बेटे बिछुड़ जाते हैं। जिसके बाद वो उनके लेने पाकिस्तान जाते हैं। फिल्म ने उस वक्त कमाई के रिकॉर्ड बनाए थे। फिल्म के गाने भी तब लोगों को खूब पसंद आए थे। ऐसे में जब फिल्म के सीक्वल से भी दर्शकों को काफी उम्मीद हैं।












Click it and Unblock the Notifications