आदित्य सिंह राजपूत की मौत को लेकर सुबुही जोशी ने कही ये बात, बोलीं- मैं एक महीने से नहीं सोई, 9 किलो वजन भी...
Subuhii Joshi On Aditya Singh Rajput Death: टीवी के मशहूर एक्टर आदित्य सिंह राजपूत की मौत ने आम लोगों से लेकर सेलेब्स तक को हैरान कर दिया था। उनकी मौत के कुछ दिनों बाद, उनकी करीबी दोस्त और एक्ट्रेस सुबुही जोशी ने कहा है कि वह अभी तक उनके असामयिक निधन से उबर नहीं पाई हैं और एक महीने में उनका वजन करीब 9 किलो तक बढ़ गया है। आपको बता दें कि दिवंगत एक्टर आदित्य सिंह राजपूत गत 22 मई 2023 को मुंबई स्थित अपने घर के बाथरूम में मृत पाए गए थे। मौत के समय उनकी उम्र सिर्फ 32 साल थी।
आदित्य सिंह राजपूत को टीवी के फेमस रिएलिटी शो 'स्प्लिट्सविला 9' से पॉपुलैरिटी मिली थी। इसके बाद वह लव, आशिकी, कोड रेड, आवाज सीजन 9, बैड बॉय सीजन 4 और ऐसे कई टीवी शोज के साथ करीब 125 विज्ञापनों में भी नजर आ चुके थे। वहीं आदित्या सिंह राजपूत की दोस्त सुबुही जोशी ने स्प्लिट्सविला सीजन 6 और सीजन 8 में हिस्सा लिया था। उन्होंने 'गुमराह-एंड ऑफ इनोसेंस', 'कन्फेशन ऑफ एन इंडियन टीनएजर', 'प्यार तूने क्या किया' और 'इमोशनल अत्याचार' जैसे शोज में काम किया है।

आदित्य की मौत पर सुबुही ने कही ये बात
दिवंगत एक्टर आदित्य सिंह राजपूत के बारे में बात करते हुए सुबुही जोशी ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा- ये एक महीना मेरे लिए बहुत मुश्किल रहा है। मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा कि आदित्य हमारे बीच नहीं हैं। मैंने हाल के दिनों में कुछ करीबी लोगों को खो दिया है और इसने मुझे झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने आगे कहा- मुंबई में आदित्य मेरे परिवार की तरह थे। मैं यहां अकेली रहती हूं और हम नियमित रूप से मिलते थे और हर दिन एक-दूसरे को फोन करते थे। अब मुझे नहीं पता कि जब वह आसपास नहीं है तो मैं किसे फोन करूं। मैं पिछले एक महीने से ठीक से सो नहीं पाई हूं।
'पिछले कुछ हफ्तों में मेरा वजन 9 किलो बढ़ गया है'
सुबुही जोशी ने आगे कहा- ये कठिन रहा है और पिछले कुछ हफ्तों में मेरा वजन 9 किलो बढ़ गया है। लेकिन मैं धीरे-धीरे जिम वापस जाने और अपना ख्याल रखने की कोशिश कर रही हूं। मुझे यकीन है कि आदित्य सिंह चाहेंगे कि मैं ऐसा करूं। पुलिस के मुताबिक, कथित तौर पर बाथरूम में फिसलकर गिरने से आदित्य की मौत हुई है। आदित्य के घरेलू नौकर ने पुलिस को बताया था कि मौत से पहले आखिरी कुछ दिनों में आदित्य सिंह की तबीयत ठीक नहीं थी। कथित तौर पर उन्हें खांसी और सर्दी हो रखी थी और उल्टी भी हो रही थी।
सुबुही ने आदित्य की यादों को किया शेयर
एक हफ्ते पहले आदित्य सिंह की करीबी दोस्त सुबुही जोशी ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपने फ्रेंड की कुछ यादें शेयर की थीं। आदित्य को याद करते हुए सुबुही ने लिखा था- ये 30 दिन इतने कठिन रहे हैं, ये समझ से परे है। मैं हर जगह उसका चेहरा देखती रही। हर वक्त उसकी आवाज सुनती रही। मैं लगभग अपना दिमाग खो चुकी थी लेकिन आज मुझे एहसास हुआ कि मैं खुद को दुखी करके उसे दुखी कर रही हूं।
सुबुही ने कहा- आदित्य तुम मुझे बहुत याद आते हो
सुबुही जोशी ने आगे लिखा- इसलिए मैंने आगे बढ़ने का फैसला किया है। अब आगे बढ़ने का मतलब ये नहीं है कि मैं उसे याद नहीं करूंगी, इसका मतलब सिर्फ ये है कि मैं भी अपनी जिंदगी में वापस आ जाऊंगी क्योंकि वह मुझसे प्यार करता था और मुझे उस पर गर्व करना चाहिए। जीवन में बेहतर करना चाहिए। मेरे सबसे अच्छे दोस्त, मैं तुम्हें हमेशा और हमेशा प्यार करती रहूंगी। मुझे आशा है कि तुम शांति से आराम कर रहे हो। तुम्हारी बहुत याद आती है मुझे।












Click it and Unblock the Notifications