71 साल की उम्र में दिग्गज एक्टर माधन बॉब ने ली अंतिम सांस, यह गंभीर बीमारी बनी वजह
साउथ फिल्म इंडस्ट्री में मातम पसरा हुआ है। वेटरेन एक्टर माधन बॉब का निधन हो गया है। उनकी उम्र 71 वर्ष थी। 2 अगस्त की रात उन्होंने चेन्नई में आखिरी सांस ली। माधन लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे। परिवार से जुड़े सूत्रों ने बताया कि शनिवार को कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्हें तमिल फिल्मों में उनके हंसमुख चेहरे और स्वाभाविक हंसी के लिए खूब पहचाना जाता था।
अभिनेता का वास्तविक नाम एस. कृष्णमूर्ति था। अपने करियर में उन्होंने कई प्रमुख दक्षिण भारतीय सितारों संग काम किया, जिनमें सुपरस्टार रजनीकांत, कमल हासन, अजित कुमार और सूर्या जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इनके साथ माधन ने एक बढ़ कर एक फिल्मों में काम किया है। जो बॉक्स ऑफिस पर भी बहुत सफल रही है। कमल हासन के साथ उन्होंने चाची 420 फिल्म की थी।

मदन बॉब 'असाथा पोवथु यारु?' जैसे लोकप्रिय तमिल कॉमेडी शो के जज भी रह चुके थे। वह केवल एक एक्टर ही नहीं, बल्कि एक कुशल संगीतकार भी थे। उन्होंने 'तेनाली' और 'फ्रेंड्स' जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया, जहाँ उनकी कॉमेडी ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उन्होंने 'थिरुदा-थिरुदा', 'थेवर मगन', 'चाची 420', 'फ्रेंड्स', 'जेमिनी', 'कन्नुक्कुल निलावु', 'वसूल राजा एमबीबीएस' और 'सुरा' जैसी फिल्मों में काम किया है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत दिग्गज डायरेक्टर बालू महेंद्र की 'नींगल केट्टवई' के साथ शुरू की थी। उनकी आखिरी फिल्म 'मार्केट राजा एमबीबीएस' थी। ये फिल्म 2019 में रिलीज हुई थी।
माधन बॉब के निधन की खबर से उनके प्रशंसकों और तमिल सिनेमा जगत में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर फैंस सहित कई जाने-माने कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। उनके अचानाक चले जाने से उनके दोस्तों के बीच गहरा शोक का माहौल है। हालांकि, अभिनेता के अंतिम संस्कार से जुड़ी कोई जानकारी परिवार द्वारा अभी साझा नहीं की गई है।












Click it and Unblock the Notifications