'Uunchai' की रिलीज डेट का ऐलान, 49 साल बाद 'राजश्री' के साथ अमिताभ बच्चन ने किया है काम, जानिए खास बातें
मुंबई, 25 जुलाई। राजश्री प्रोडक्शन का नाम लेते ही आंखों के सामने साफ-सुथरी फिल्मों की तस्वीरें आ जाती है। ऐसी फिल्में जिनमें कुछ सामाजिक या पारिवारिक संदेश हुआ करता है। जिनकी रोमांटिक फिल्मों को आप पूरे परिवार के साथ आराम से बैठकर देख सकते हैं और जिनकी फिल्मों के गाने रूह तक पहुंच जाते हैं। दौर बदला, बॉलीवुड में बोल्ड अवतारों का बोलबाला हो गया लेकिन राजश्री प्रोडक्शन ने बदलते दौर से समझौता नहीं किया, हालांकि उनकी फिल्में बननी कम हो गईं लेकिन वो जब भी पर्दे पर आए, स्वस्थ मनोरंजन को ही लेकर सामने आए।

पहली फिल्म 'आरती'
आपको बता दें कि ताराचंद बडज़ात्या ने साठ के दशक में राजश्री प्रोडक्शंस की स्थापना की थी और इस प्रोडक्शन की पहली फिल्म 'आरती' थी। इसके बाद इस विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं उनके पोते सूरज बड़जात्या, जिन्होंने अपने दादा के उलट बड़े सितारों संग बड़े बजट के साथ फिल्में बनाई हैं लेकिन अपने दादा के बताए सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
सूरज बड़जात्या का 7 साल बाद कमबैक
एक बार फिर से वो निर्देशन की दुनिया में वापस लौटे हैं फिल्म 'ऊंचाई' के साथ, जिसमें उन्होंने सदी के महानायक अमिताभ बच्चन को निर्देशित किया है। मालूम हो कि सूरज ने इससे पहले सोनम कपूर और सलमान खान के अभिनय से सजी फिल्म 'प्रेम रतन धन पायो' का डायरेक्शन किया था, जो कि साल 2015 में रिलीज हुई थी।

49 साल बाद राजश्री कैंप के साथ अमिताभ बच्चन
जहां पर्दे पर सात साल बाद सूरज बड़जात्या की वापसी हो रही है वहीं राजश्री प्रोडक्शन के साथ अमिताभ बच्चन पूरे 49 साल बाद पर्दे पर दिखने जा रहे हैं। मालूम हो कि अमिताभ ने इस प्रोडक्शन के साथ फिल्म 'सौदागर' जो कि 1973 में रिलीज हुई थी, में काम किया था। इस फिल्म के गाने, स्टोरी और एक्टिंग को लोगों ने सराहा तो बहुत लेकिन ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर चली नहीं, हालांकि इस फिल्म में अमिताभ के साथ उस जमाने की सुपरहिट एक्ट्रेस नूतन थीं। ये वो दौर था, जब अमिताभ फिल्मी दुनिया में कदम जमाने के लिए संघर्ष कर रहे थे।

राजश्री प्रोडक्शन ने अमिताभ संग दूसरी फिल्म नहीं बनाई...
हालांकि इस फिल्म के बाद अमिताभ बच्चन की सफलता का दौर शुरू हुआ और वो बॉलीवुड के महानायक बन गए और सबसे मंहगे सितारे में से एक हो गए और शायद यही वजह रही कि छोटे बजट और नए सितारों को मौका देने वाले राजश्री प्रोडक्शन ने अमिताभ संग दूसरी फिल्म नहीं बनाई लेकिन साल 1989 में राजश्री प्रोडक्शन का रूप बदला क्योंकि इसकी कमान संभाली सूरज बड़जात्या ने, जिन्होंने सलमान खान और भाग्यश्री के साथ ' मैंने प्यार किया' के जरिए फिल्मी कैनवस पर ऐसा प्रेम दर्शाया, जिसने प्रेम की परिभाषा ही बदल दी। ये राजश्री प्रोडक्शन की पहली फिल्म थी जो कि उस वक्त दो करोड़ में बनी थी।

फिल्म की रिलीज डेट 11-11-22 है
इसके बाद उन्होंने सलमान खान और माधुरी दीक्षित के साथ 'हम आपके हैं कौन' बनाकर इतिहास रच दिया और इसके बाद उन्होंने फिल्म 'हम साथ-साथ हैं', 'मैं प्रेम की दीवानी हूं , 'विवाह' और 'प्रेम रतन धन पायो' के जरिए लोगों को एंटरटेन किया है और एक बार फिर से वो 'ऊंचाई' के जरिए लोगों के बीच आने को तैयार हैं। इस फिल्म की रिलीज डेट की भी घोषणा हो गई है, जो कि काफी खास है। इस फिल्म की रिलीज डेट 11-11-22 है। जिसकी जानकारी राजश्री प्रोडक्शन हाउस ने अपने सोशल मीडिया पर दी है।
राजश्री प्रोडक्शन अपना डायमंड जुबली ईयर
आपको बता दें कि ये साल राजश्री प्रोडक्शन अपना डायमंड जुबली ईयर सेलिब्रेट कर रहा है, इसलिए ये फिल्म और भी खास हो जाती है। ये इस प्रोडक्शन की 60वीं फिल्म है। फिल्म में अमिताभ बच्चन के अलावा अनुपम खेर, बोमन ईरानी, नीना गुप्ता, सारिका, नफीसा अली सोढ़ी, डैनी डेन्जोंप्पा और परिणीति चोपड़ा भी हैं। फिल्म चार दोस्तों की कहानी है, उम्मीद की जा रही है फिल्म 'ऊंचाई' एक बार फिर से लोगों को मनोरंजन की 'ऊंचाई' तक पहुंचाएगी।












Click it and Unblock the Notifications