कौन थीं महारानी गायत्री देवी? क्यों सोनल चौहान की हो रही है उनसे तुलना? जानिए खास बातें
नई दिल्ली, 02 अगस्त। बॉलीवुड की 'जन्नत गर्ल' सोनल चौहान इन दिनों अपनी एक तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त ढंग से चर्चा में हैं क्योंकि उस फोटो में सोनल चौहान हद से ज्यादा सुंदर नजर आ रही हैं और तो और उनकी फोटो को देखकर लोग इस कदर क्रेजी हुए कि उन्होंने सोनल की तुलना रॉयल ब्यूटी महारानी गायत्री देवी से कर डाली।

सोनल खुद भी एक राजसी घराने से ताल्लुक रखती हैं
सोनल ने अपनी जो फोटो इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर की है, उसमें वो पिच कलर की साड़ी में बहुत ज्यादा कमाल लग रही हैं। उनका लुक और स्टाइल लोगों को फैशन आइकॉन रहीं गायत्री देवी की याद दिला रहा है, जिसके चलते सोनल की खूबसूरती के चर्चे इस वक्त सोशल पर जबरदस्त ढंग से हो रहे हैं। आपको बता दें कि सोनल खुद भी एक राजसी घराने से ताल्लुक रखती हैं।

सोनल मैनपुरी- उत्तर प्रदेश में राजपूत राजघराने से हैं
गौरतलब है कि सोनल मैनपुरी- उत्तर प्रदेश में राजपूत राजघराने से हैं, उन्होंने फिल्म 'जन्नत' से बॉलीवुड में कदम रखा था। उन्होंने इंद्रधनुष', 'चेलुवे निन्ने नोडलु' , 'पंडागा चेस्को', और 'पलटन' जैसी फिल्मों में
काम किया है, उनकी गिनती ग्लैमरस अभिनेत्रियों में होती हैं।

सोनल बहुमुखी प्रतिभा की धनी
सोनल बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं, उन्होंने फिल्म '3 जी' में अपनी आवाज दी है तो वहीं वो 'मिस वर्ल्ड टूरिज्म' का खिताब जीतने वाली पहली इंडियन वूमन हैं। अगर उनके आने वाले प्रोजेक्ट की बात करें तो वो बहुत जल्द आपको ओम राउत के साथ 'आदिपुरुष' में नजर आएंगी। तो वहीं एक साउथ की फिल्म में वो सुपरस्टार नागार्जुन के अपोजिट दिखेंगी।

महारानी गायत्री देवी
अब बात करते हैं महारानी गायत्री देवी की, जो अपनी सुंदरता और पर्सनल लाइफ की वजह से हमेशा से ही चर्चा में रहीं। जयपुर के राजघराने से ताल्लुक रखने वाली गायत्री देवी का जन्म लंदन में हुआ था। उनकी मां इंदिरा राजे बड़ौदा के महाराज सयाजीराव की बेटी थीं, जिनका विवाह बंगाल के राजा राजकुमार जितेंद्र नारायण से हुआ था। गायत्री चार भाई-बहन थीं, उनकी स्कूली शिक्षा शांति निकेतन से हुई थी तो वहीं उन्होंने स्नातक की शिक्षा स्विटजरलैंड से पूरी की थी।

9 साल बड़े राजा मानसिंह से की थी शादी
वो घुड़सवारी और शिकार करने में माहिर थीं तो वहीं वो पोलो की भी बेहतरीन खिलाड़ी थीं। उनकी खूबसूरती के चर्चो दूर-दूर तक मशहूर थे लेकिन मात्र 12 साल की उम्र में ही उनका दिल जयपुर के राजा मानसिंह बहादुर पर आ गया था, जो कि उम्र में उनसे 9 साल बड़े थे और उनकी दो शादियां हो चुकी थीं। पहले तो उन्होंने शादी के लिए मना कर दिया था लेकिन जब गायत्री देवी 16 बरस की हुईं तो उन्होंने खुद ही उन्हें विवाह का प्रस्ताव दिया, जिसके बाद गायत्री देवी की शादी राजा मानसिंह से हो गईं और गायत्री जयपुर घराने की महारानी बन गईं।

दुनिया की सबसे खूबसूरत महिला का खिताब
'वोग' पत्रिका ने उन्हें दुनिया की सबसे खूबसूरत महिला के खिताब से नवाजते हुए उनकी फोटो को कवर पेज पर छापा था। गायत्री देवी केवल अपनी सुंदरता के लिए ही नहीं बल्कि अपनी बेबाकी और फैशन के लिए भी मशहूर थीं। साल 1962 में महारानी गायत्री देवी ने राजनीति में कदम रखा और लोकसभा चुनाव में रिकार्ड जीत अर्जित की थी। उस दौर में राजनीति में दो महिलाओं की जबरदस्त चर्चा होती थी और वो थीं गायत्री देवी और पूर्व पीएम इंदिरा गांधी, हालांकि दोनों राजनीतिक रूप में एक-दूसरे की विरोधी रहीं।
लंबी बीमारी के बाद निधन
29 जुलाई 2009 को जयपुर में 90 वर्ष की आयु में उनका लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था । अपने पीछे वो लगभग £250,000,000, की संपत्ति छोड़ गई थीं, जो उसके पोते-पोतियों में बांट दी गई।












Click it and Unblock the Notifications