टूटने जा रहा सलमान के भाई सोहेल खान का रिश्ता, सीमा से लेंगे तलाक
नई दिल्ली, 13 मई: एक ओर सलमान खान शादी नहीं कर रहे तो वहीं दूसरी ओर उनके घर में एक और रिश्ता टूटने जा रहा है। अरबाज खान के बाद अब सलमान के भाई सोहेल खान अपनी पत्नी सीमा से अलग होने जा रहे हैं। शुक्रवार को दोनों को मुंबई की फैमिली कोर्ट के बाहर स्पॉट किया गया। खबर है कि दोनों ने तलाक के लिए अर्जी डाल दी है। हालांकि अभी तक सीमा और सोहेल की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया।
Recommended Video

दोनों में अभी भी फ्रेंडली रिश्ता
ईटाइम्स ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सोहेल खान और सीमा सचदेव शुक्रवार को कोर्ट में मौजूद थे। उन्होंने तलाक के लिए अर्जी दी है। दोनों में अभी भी काफी फ्रेंडली रिश्ता देखने को मिला। फैमिली कोर्ट में नियमानुसार दोनों पक्षों को सुनने के बाद तलाक पर फैसला होगा। इसमें ये भी तय होगा कि सोहेल अपनी पत्नी को हर्जाने के रूप में कितनी रकम देंगे।

1998 में हुई थी शादी
आपको बता दें कि सोहेल और सीमा ने 1998 में शादी की थी। उनके दो बच्चे निर्वाण और योहन हैं। सूत्रों के मुताबिक 2017 में ही दोनों के रिश्ते में खटास आ गई थी। जिसके बाद वो अलग रहने लगे। उनके बच्चे कभी सोहेल के घर तो कभी सीमा के घर नजर आए। काफी पहले एक शो में सीमा ने कहा था कि ऐसा होता है कि कभी-कभी जब आप बड़े हो जाते हैं, तो आपके रिश्ते अलग-अलग डायरेक्शन में चले जाते हैं। मैं इसके बारे में कोई माफी नहीं मांगती क्योंकि हम खुश हैं और मेरे बच्चे भी खुश हैं। सोहेल और मेरी पारंपरिक शादी नहीं हैं लेकिन हम एक परिवार हैं।

19 साल बाद अरबाज ने लिया था तलाक
इससे पहले सलमान के घर में मलाइका अरोड़ा और अरबाज खान का रिश्ता टूटा था। दोनों ने 2017 में तलाक लिया। उनकी शादी करीब 17 साल तक चली थी। तलाक के बाद से मलाइका अर्जुन कपूर को डेट कर रही हैं, जबकि अरबाज और इटालियन मॉडल जॉर्जिया एंड्रियानी के बीच अफेयर की खबर है।

क्या करती हैं सीमा?
सोहेल खान एक्टर होने के साथ-साथ प्रोड्यूसर भी हैं, तो वहीं उनकी पत्नी सीमा खान पेशे से फैशन डिजाइनर हैं। वो मुंबई में महीप कपूर और सुजैन खान की पार्टनरशिप में 'बांद्रा 190' नाम से फैशन स्टोर चलाती हैं। इस स्टोर में खूबसूरत लहंगे से लेकर साड़ियों तक बहुत कुछ मिलता है।


Click it and Unblock the Notifications
