Shreyas Talpade के खिलाफ FIR दर्ज, UP के मैनपुरी में लाखों की ठगी का आरोप, क्या है मामला?
Shreyas Talpade FIR: बॉलीवुड एक्टर श्रेयस तलपड़े का नाम उत्तर प्रदेश (UP) के मैनपुरी जिले में दर्ज एक धोखाधड़ी मामले में सामने आया है। भोगांव थाने में 10 फरवरी 2026 को दर्ज FIR में श्रेयस तलपड़े समेत कुल 12 लोगों को नामजद किया गया है।
श्रेयस तलपड़े समेत 12 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
आरोप है कि इन्वेस्टमेंट के नाम पर स्थानीय लोगों से लाखों रुपये जुटाए गए और बाद में रकम वापस नहीं की गई। ये मामला कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुआ है जिसके चलते पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

भोगांव इलाके के 14 लोगों ने कोर्ट में की शिकायत
-भोगांव के मोहल्ला मिश्राना निवासी एक व्यक्ति सहित कुल 14 लोगों ने अदालत में शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि सागा ग्रुप से जुड़े लोगों ने LUCC बैंक की एक ब्रांच साल 2015 में इलाके में शुरू की थी। इसके जरिए ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों को निवेश के लिए प्रोत्साहित किया गया था।
-समय के साथ कई लोगों ने अपनी बचत इस योजना में लगाई। आरोप है कि जब निवेशकों ने अपनी रकम वापस मांगी तो उन्हें टालमटोल किया गया और कथित तौर पर धमकियां भी दी गईं।
FIR में किस किसके नाम शामिल?
पुलिस में दर्ज FIR के अनुसार जिन लोगों को नामजद किया गया है, उनमें समीर अग्रवाल, सानिया अग्रवाल, आरके सेट्टी (फंड मैनेजर), संजय मुदगिल, शबाब हुसैन, श्रेयस तलपड़े, नरेंद्र नेगी, पंकज अग्रवाल, सुप्रिया, अनुज जैन, अजय श्रीवास्तव और अरविंद त्रिपाठी शामिल हैं।
क्या है पूरा विवाद?
-FIR के दस्तावेजों के मुताबिक आरोप है कि सागा ग्रुप के संचालक समीर अग्रवाल और उनकी पत्नी सानिया अग्रवाल ने LUCC बैंक की एक ब्रांच खोलकर निवेश योजनाएं चलाईं। कई सालों तक लोगों से पैसे जमा कराए गए।
-बाद में साल 2024 में बैंक ने कथित तौर पर अपना कामकाज समेट लिया, जिससे निवेशकों की रकम फंस गई। पीड़ितों का कहना है कि उनके पास निवेश से जुड़े दस्तावेज मौजूद हैं और लाखों रुपये अब भी अटके हुए हैं।
कई राज्यों में ठगी के आरोप
शिकायतकर्ताओं का दावा है कि ये मामला केवल उत्तर प्रदेश के मैनपुरी तक सीमित नहीं है। LUCC बैंक पर उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तराखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न शहरों व कस्बों में भी लोगों से निवेश के नाम पर धन जुटाने और रकम न लौटाने के आरोप हैं।
पुलिस की जांच जारी
-कोर्ट के निर्देश के बाद दर्ज इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों, बैंकिंग रिकॉर्ड और संबंधित पक्षों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
-मामला निवेश योजनाओं और कथित ठगी से जुड़ा होने के कारण गंभीर माना जा रहा है। FIR में नाम आने के बाद अब सभी आरोपियों की भूमिका जांच के दायरे में है। पुलिस की जांच से ही साफ होगा कि इस पूरे प्रकरण में किसकी क्या जिम्मेदारी बनती है।












Click it and Unblock the Notifications