IT में थी मास्टर डिग्री, इंजीनियर बनना चाहती थीं शेफाली जरीवाला, जानें कौन से कॉलेज से की थी पढ़ाई?
Shefali Jariwala Education: 'कांटा लगा' गाने से देशभर में मशहूर हुईं एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला की अचानक मौत हो गई है। 42 साल की एक्ट्रेस ने गत 27 जून 2025 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।
शेफाली जरीवाला की हुई मौत
खबर है कि शेफाली जरीवाला को सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके बाद परिवार ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा पड़ने) की वजह से हुई है।

'कांटा लगा' गाने ने रातोंरात बना दिया था स्टार
शेफाली जरीवाला को लोग ग्लैमर वर्ल्ड की एक पॉपुलर एक्ट्रेस के तौर पर जानते हैं। 'कांटा लगा' के रिमिक्स वर्जन के म्यूजिक वीडियो में नजर आईं शेफाली जरीवाला रातोंरात स्टार बन गई थीं। इस म्यूजिक वीडियो ने उन्हें एकदम से पॉपुलर बना दिया था। लेकिन क्या आपको पता है कि कांटा लगा गर्ल यानी शेफाली जरीवाला डांसिंग, एक्टिंग और खूबसूरती के साथ साथ पढ़ाई में भी बहुत अच्छी थीं।
शेफाली जरीवाला की एजुकेशनल क्वालिफिकेशन
-शेफाली जरीवाला सिर्फ स्क्रीन पर ही नहीं, बल्कि एजुकेशन के मामले में भी काफी आगे थीं। उनके पास टेक्नोलॉजी फील्ड का बहुत ज्ञान था। जानकारी के मुताबिक, शेफाली जरीवाला ने साल 2005 में मुंबई के सरदार पटेल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आईटी) में मास्टर्स डिग्री हासिल की थी।
-शेफाली जरीवाला की टेक्निकल समझ और शिक्षा में गहरी रुचि उन्हें दूसरों से अलग बनाती थी। उनकी शुरुआती पढ़ाई पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग जिले में स्थित सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल से हुई थी। यहीं से उनके शिक्षा जीवन की मजबूत नींव रखी गई थी।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान मिला इंडस्ट्री में ब्रेक
-शेफाली जरीवाला को एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में भी काफी दिलचस्पी थी। उनका एक्टिंग और डांसिंग के प्रति भी एक अलग झुकाव था। वह जब इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थीं, उसी समय उन्हें म्यूजिक एल्बम में काम करने का मौका मिला था।
-साल 2002 में रिलीज हुआ उनका आइकॉनिक गाना 'कांटा लगा' ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया था। इसके बाद उन्हें साल 2004 में रिलीज हुई फिल्म 'मुझसे शादी करोगी' में देखा गया था। उन्होंने टीवी के पॉपुलर डांस रिएलिटी शो 'नच बलिए' में भी हिस्सा लिया था और दर्शकों का दिल जीता था।
कौन हैं शेफाली के पति पराग त्यागी?
-शेफाली जरीवाला के पति पराग त्यागी एक फेमस टीवी एक्टर और फिटनेस ट्रेनर हैं। उन्हें आखिरी बार बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' में नेगेटिव किरदार में देखा गया था।
-पराग त्यागी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले हैं। उन्हें कई टीवी शोज और फिल्मों में देखा जा चुका है। वह 'ए वेडनसडे', 'जोधा अकबर' और 'फिर' जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं।
-शेफाली जरीवाला और पराग त्यागी की पहली मुलाकात एक दोस्त की पार्टी में हुई थी। जैसे-जैसे वक्त बीता, दोनों में दोस्ती हो गई और ये दोस्ती फिर प्यार में बदल गई। 4 साल तक डेटिंग करने के बाद दोनों ने 2012 में टीवी के फेमस डांस रिएलिटी शो 'नच बलिए' में हिस्सा लिया था। उसके बाद साल 2014 में दोनों ने शादी कर ली थी।












Click it and Unblock the Notifications