76 की उम्र में Sharat Saxena की हुई 6 घंटे की स्पाइन सर्जरी, क्या हुआ था एक्टर को? अब कैसी है हालत?
Sharat Saxena Health: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर शरत सक्सेना को लेकर उनके फैंस के लिए राहत की खबर है। 76 साल के एक्टर लंबे समय से रीढ़ की हड्डी से जुड़ी परेशानी का सामना कर रहे थे। हाल ही में उन्होंने खड़े होकर MRI तक कराई थी, जिसकी तस्वीरें और वीडियोज चर्चा में आए थे। अब शरत सक्सेना की करीब 6 घंटे लंबी स्पाइन सर्जरी सफलतापूर्वक हो गई है। एक्टर ने खुद सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कर अपनी सेहत का अपडेट दिया है।
अस्पताल से घर लौटे शरत सक्सेना
शरत सक्सेना ने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ तस्वीरें पोस्ट की हैं। इनमें वह अस्पताल के बेड पर मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। उनके आसपास परिवार के सदस्य और दोस्त भी दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरों से साफ है कि सर्जरी के बाद उनका हौसला काफी मजबूत है।

6 घंटे तक चली थी शरत सक्सेना की सर्जरी
एक्टर ने बताया कि बॉम्बे हॉस्पिटल में उनकी स्पाइन सर्जरी करीब 6 घंटे तक चली और डॉक्टरों ने इसे सफलतापूर्वक पूरा किया। अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और वह घर पर रहकर अपनी रिकवरी कर रहे हैं। एक तस्वीर में वह अस्पताल से घर के लिए रवाना होते हुए भी नजर आए।
सर्जरी के बाद भी बरकरार रहा शरत सक्सेना का मजाकिया अंदाज
-शरत सक्सेना ने अपनी हेल्थ अपडेट देते हुए भी अपने खास मजाकिया अंदाज को नहीं छोड़ा। उन्होंने तस्वीरों के साथ ऐसा कैप्शन में लिखा है- जिसने फैंस के चेहरे पर मुस्कान ला दी। एक्टर ने लिखा- 6 घंटे की स्पाइन सर्जरी पूरी हो चुकी है। एक अच्छे इंसान को ज्यादा देर तक झुकाकर नहीं रखा जा सकता। अब और वॉकिंग स्टिक नहीं।
-शरत सक्सेना के इस अंदाज से साफ है कि मुश्किल समय में भी उन्होंने अपनी पॉजिटिव सोच और ह्यूमर को कायम रखा है। शरत ने अपनी पोस्ट में कुछ और मजेदार बातें भी लिखीं। एक तस्वीर के साथ उन्होंने कहा- आज पार्टी, कल जिम जबकि दूसरी तस्वीर पर उन्होंने लिखा- अब और सूप नहीं। उनकी इन बातों ने फैंस को काफी खुश किया।
76 की उम्र में भी फिटनेस के लिए मशहूर हैं एक्टर
-शरत सक्सेना की पहचान सिर्फ शानदार एक्टिंग तक सीमित नहीं है। वह अपनी जबरदस्त फिटनेस के लिए भी जाने जाते हैं। 76 साल की उम्र में भी उनकी फिटनेस देखकर अक्सर लोग हैरान रह जाते हैं। एक्टर कई इंटरव्यूज में अपने वर्कआउट रूटीन के बारे में बात कर चुके हैं।
-एक्टर ने बताया था कि वह रोजाना करीब दो घंटे ट्रेनिंग करते हैं। हालांकि उनकी फिटनेस की ये यात्रा इतनी आसान नहीं रही। शरत सक्सेना के मुताबिक जब उन्होंने शुरुआत की थी तो 20 मिनट का वर्कआउट करना भी उनके लिए मुश्किल हुआ करता था। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे अपनी ट्रेनिंग बढ़ाई और शरीर की ताकत व स्टैमिना पर लगातार काम किया।
250 से ज्यादा फिल्मों में किया है काम
-शरत सक्सेना ने हिंदी सिनेमा में लंबी और शानदार पारी खेली है। अपने कई दशक लंबे करियर में वह 250 से ज्यादा फिल्मों का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने पर्दे पर कभी विलेन तो कभी दमदार सपोर्टिंग किरदारों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई।
-'मिस्टर इंडिया', 'त्रिदेव', 'घायल', 'खिलाड़ी', 'गुलाम', 'गुप्त: द हिडन ट्रुथ', 'फिर हेरा फेरी', 'बागबान', 'फना', 'कृष' और 'बजरंगी भाईजान' जैसी फिल्मों में उनके किरदारों को दर्शकों ने खूब पसंद किया। उनकी स्क्रीन प्रेजेंस ऐसी रही है कि छोटे से रोल में भी वह दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लेते हैं।
आखिरी बार 'सन ऑफ सरदार 2' में आए थे नजर
शरत सक्सेना को आखिरी बार अजय देवगन स्टारर फिल्म 'सन ऑफ सरदार 2' में देखा गया था। फिल्मों में अपने लंबे योगदान और यादगार किरदारों की वजह से आज भी उनके चाहने वालों की बड़ी संख्या है। अब सफल स्पाइन सर्जरी के बाद फैंस उनके जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। शरत का पोस्ट देखकर जिस तरह लोगों ने प्यार और शुभकामनाएं दी हैं, उससे साफ है कि दर्शक उन्हें एक बार फिर पूरी तरह फिट और उसी जोश के साथ पर्दे पर देखना चाहते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
