शम्मी कपूर के बेटे आदित्य ने 67 की उम्र में की ग्रेजुएशन, जानें किस विषय में की पढ़ाई और मिले कितने नंबर
Shammi Kapoor Son: पढ़ने-लिखने की कोई उम्र नहीं होती और ये बात हिंदी सिनेमा के लिजेंड्री एक्टर शम्मी कपूर के बेटे आदित्य राज कपूर ने साबित कर दी है। खबर है कि आदित्य राज कपूर ने 67 की उम्र में अपनी ग्रेजुएशन पूरी कीहै। वह शम्मी कपूर और गीता बाली के बेटे हैं। आदित्य ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी ग्रेजुएशन की मार्कशीट के साथ एक फोटो शेयर की है। साथ ही वह बता रहे हैं कि उन्होंने अपनी मां का सपना अब पूरा कर लिया है।
67 की उम्र में आदित्य राज कपूर ने की ग्रेजुएशन
आपको बता दें कि दिवंगत एक्टर शम्मी कपूर के बेटे आदित्य राज कपूर एक रिटायर्ड बिजनेसमैन हैं। इसके अलावा वह पार्ट टाइम एक्टर और फुल टाइम बाइकर भी हैं। उनकी उम्र 67 साल है। आदित्य राज कपूर ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय यानी इग्नू से कोरेस्पॉन्डेंस के जरिए फिलॉसफी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि आखिर इस उम्र में ही उन्होंने ग्रेजुएशन क्यों की।

आदित्य ने कहा- मुझे पढ़ाई की अहमियत महसूस हुई
ईटाइम्स से बात करते हुए आदित्य राज कपूर ने बताया कि भले ही उनके पास पढ़ाई करने का मौका था लेकिन उन्होंने कभी इसका इस्तेमाल नहीं किया। आदित्य ने कहा- इतने सालों में मुझे अपनी गलती का एहसास हुआ। जब मैंने अपने अंदर खालीपन महसूस किया तो तभी मुझे एजुकेशन की अहमियत का भी एहसास हुआ और इसलिए मैंने इस उम्र में फिलॉसफी में ग्रेजुएशन कर ली।
आदित्य ने क्यों चुना फिलॉसफी विषय
आदित्य राज कपूर ने फिलॉसफी को चुनने के पीछे का कारण बताते हुए कहा- मैंने 61 साल की उम्र में पढ़ाई शुरू की थी जिसका मतलब था कि मैं एंट्रेंस एग्जाम देने के लिए कमिट कर रहा हूं। मुझे कॉमर्स या बिजनेस कोर्स की जरूरत नहीं थी। न ही मुझे भूगोल और साइन्स विषय चाहिए था। इतने सालों तक मुझे सर्वाइव करने के लिए जिसने प्रेरित किया वह है 'मनुष्यों के विचार'। मनुष्य वैसा क्यों सोचता है? वह क्या सोचता है? तो यही सब मुझे फिलॉसफी की तरफ ले गया और मुझे ये विषय अच्छा लगा।
बेटी तुलसी ने पापा को पढ़ने का हौसला दिया था
आदित्य राज कपूर ने बताया कि उनकी बेटी तुलसी उन्हें पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करती थी। आदित्य ने कहा- मैं रिटायरमेंट के बाद घर पर खाली बैठा रहता था। एक दिन वह मुझे जेरॉक्स की दुकान में खींच ले गई जहां मैंने अपने डॉक्यूमेंट्स की एक कॉपी बनाई और कॉलेज का फॉर्म भरना शुरू कर दिया। मैंने इग्नू में एडमिशन लिया। वहां की पढ़ाई भी मुझे सही लगी। किताबें घर पर ही आ जाती थीं। पास के कॉलेज में एग्जाम्स हो जाते थे, तो मैंने इस पढ़ाई को बहुत इन्जॉय किया।
मां गीता बाली को आदित्य ने किया याद
आदित्य राज कपूर ने बताया- कोविड के दौरान कुछ एग्जाम्स मैं नहीं दे पाया था लेकिन मेरी पत्नी ने मेरा हौसला बढ़ाया। मैं दो हफ्ते पहले 59.67% के साथ पास हुआ हूं। फिलॉसफी में ऑनर्स के साथ मेरा सेकंड डिवीजन आया। इग्नू मेरे लिए बहुत हेल्पफुल साबित हुआ है। मेरी ग्रेजुएशन से मेरा परिवाार बहुत खुश हुआ है। ये सब मैंने अपनी मां गीता बाली के लिए किया।












Click it and Unblock the Notifications