Jailer 2: शाहरुख खान का कैमियो रजनीकांत की जेलर 2 में हुआ पक्का, निभाएंगे ऐसा किरदार
रजनीकांत की आने वाली फिल्म 'जेलर 2' को उनके करियर की सबसे अहम फिल्मों में से एक माना जा रहा है। पहले भाग की जबरदस्त सफलता के बाद दर्शकों की उम्मीदें इसके सीक्वल से काफी बढ़ गई हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म में कई बड़े सितारे कैमियो करते नजर आएंगे, जिनमें बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है।

शाहरुख खान की मौजूदगी पर लगी मुहर
शाहरुख खान के 'जेलर 2' का हिस्सा बनने की पुष्टि पहले ही अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती कर चुके थे, लेकिन उस वक्त उनके किरदार को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई थी। अब इस पर से पर्दा उठ गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख खान फिल्म में रजनीकांत के बेहद करीबी और भरोसेमंद दोस्त की भूमिका निभाएंगे।
छोटा लेकिन खास कैमियो रोल
बताया जा रहा है कि शाहरुख का यह रोल भले ही छोटा होगा, लेकिन कहानी के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। वह फिल्म में कुछ ही मिनटों के लिए नजर आएंगे, लेकिन उनकी मौजूदगी दर्शकों के लिए एक बड़ा सरप्राइज होगी। शाहरुख ने यह कैमियो रजनीकांत के प्रति सम्मान और दोस्ती के चलते स्वीकार किया है।
अन्य सितारों के कैमियो की भी चर्चा
'जेलर 2' में सिर्फ शाहरुख ही नहीं, बल्कि कई और दिग्गज सितारों के कैमियो की भी खबरें हैं। अभिनेता विजय सेतुपति ने एक इंटरव्यू में शाहरुख की भागीदारी की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने खुशी-खुशी इस रोल के लिए हामी भरी। इसके अलावा मिथुन चक्रवर्ती, मोहनलाल, शिवराजकुमार और विद्या बालन के भी कैमियो करने की अटकलें हैं। फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीप कुमार कर रहे हैं, जिन्होंने पहले भाग को भी निर्देशित किया था।
'किंग' में व्यस्त हैं शाहरुख खान
इस बीच शाहरुख खान अपनी अगली मेगा बजट फिल्म 'किंग' की तैयारियों में जुटे हुए हैं। यह फिल्म इसी साल क्रिसमस पर रिलीज होने वाली है और इसके जरिए उनकी बेटी सुहाना खान बड़े पर्दे पर डेब्यू करेंगी। फिल्म में अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण और रानी मुखर्जी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
350 करोड़ बजट की मेगा फिल्म
करीब ₹350 करोड़ के भारी-भरकम बजट में बन रही 'किंग' शाहरुख खान के करियर की सबसे महंगी फिल्मों में से एक है। इसका निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। ऐसे में 'जेलर 2' में उनका कैमियो और 'किंग' की रिलीज-दोनों ही कारणों से शाहरुख खान आने वाले समय में लगातार सुर्खियों में बने रहने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications