कॉन्सर्ट के दौरान सोनू निगम के साथ धक्कामुक्की, विधायक के बेटे का नाम आया सामने
एक कार्यक्रम के दौरान सोनू निगम के साथ सेल्फी लेने के चक्कर में फैन ने उनके साथ धक्का-मुक्की कर ली, जिसके बाद सोनू निगम ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है।

Recommended Video
सेलेब्रिटीज के साथ सेल्फी लेने के चक्कर में फैंस अपनी हद पार कर जाते हैं। हाल ही में क्रिकेटर पृथ्वी शॉ के साथ सेल्फी के चक्कर में हाथापाई का मामला सामने आया था। अब ऐसी ही एक घटना बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम के साथ हुई है। एक कार्यक्रम के दौरान सोनू निगम के साथ सेल्फी लेने के चक्कर में फैन ने उनके साथ धक्का-मुक्की कर ली, जिसके बाद सोनू निगम ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सोनू निगम की शिकायत पर आईपीसी की धारा 323, 341, 337 के तहत केस दर्ज किया है। सूत्रों की मानें तो जिस व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है वह स्थानीय विधायक का बेटा है।
आरोपी विधायक का बेटा
शिवसेना की प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने बताया कि विधायक के बेटे ने कार्यक्रम के बाद सोनू निगम तक पहुचने की कोशिश की, वह उनके साथ सेल्फी लेना चाहता था, लेकिन सोनू निगम के बॉडीगार्ड ने उन्हें रोका क्योंकि वह उसे जानता नहीं था। इसके बाद बॉडीगार्ड और विधायक के बेटे के बीच झगड़ा हुआ जिसकी वजह से एक-दो लोग स्टेज से नीचे गिर गए। इसी बीच विधायक की बेटी जोकि पूर्व बीएमसी कॉर्पोरेटर है उसने बीच बचाव किया और मामला शांत हुआ। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। लिहाजा यह हमला नहीं है।
पुलिस ने बताया क्या हुआ
डीसीपी हेमराज सिंह राजपूत ने बताया कि लाइव कॉन्सर्ट के बाद सोनू निगम जब स्टेज से नीचे आ रही थे तो एक आदमी ने उन्हें पकड़ लिया। लेकिन जब सोनू निगम ने इसपर आपत्ति जताई तो उसने उन्हें धक्का दे दिया। आरोपी ने सोनू निगम और दो अन्य लोगों को सीढ़ी से धक्का दे दिया, जिसकी वजह से इसमे से एक आदमी को चोट आई है। आरोपी का नाम स्वप्निल फाटेरपेकर है। वहीं घायल व्यक्ति की पहचान रब्बानी के तौर पर हुई है। अधिकारियों के अनुसार यह घटना चेंबूर में हुई है।
सोनू ने दर्ज कराई एफआईआर
घटना के बाद सोनू निगम चेंबूर पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से केस दर्ज करने को कहा। अभी तक पुलिस की ओर से इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। सूत्रों ने बताया कि आरोपी विधायक का बेटा है। आरोपी सोनू निगम के साथ सेल्फी लेने के लिए पहुंचा था, लेकिन इसी दौरान उसने सोनू निगम की सिक्योरिटी के साथ यह हाथापाई की।
इस वजह से दर्ज कराया केस
घटना के बारे में सोनू निगम ने पत्रकारो को बताते हुए कहा कॉन्सर्ट के बाद मैं स्टेज से नीचे आ रहा था तभी एक आदमी ने मुझे पकड़ लिया। इसके बाद उसने हरि और रब्बानी को धक्का दिया, जिन्होंने मुझे बचाने की कोशिश की। जिसकी वजह से मैं सीढ़ी से नीचे गिर गया। रब्बानी को चोट आई है, अगर आरोपी के हाथ में कोई रॉड वगैरह होती तो रब्बानी की मौत हो सकती थी। उसे इस तरह से धक्का दिया है, आप वीडियो में देख सकते हैं, मैं भी गिरने वाला था।
पुलिस को नहीं मिले सबूत
सोनू निगम ने कहा कि मैंने शिकायत इसलिए दर्ज कराई है ताकि लोगों में जागरूकता फैले। लोग इस बात को समझे कि अगर वह ऐसी हरकत करेंगे, जबरन सेल्फी लेने की कोशिश करेंगे तो क्या हो सकता है। डीसीपी ने कहा कि मैंने सोनू से बात की है, अभी तक हमे इस मामले में सबूत नहीं मिला है। आरोपी सेल्फी लेना चाहता था, हो सकता है कि उसने मीडिया में आने के लिए कुछ किया हो। हम मामले की जांच करेंगे। शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि स्थानीय विधायक का बेटा है जिसने सोनू के साथ धक्कामुक्की की है।












Click it and Unblock the Notifications