अरिजीत सिंह मामले में सलमान खान ने सरेआम मानी अपनी गलती, सिंगर के फैंस को दे दिया तोहफा
Salman Khan: 'बिग बॉस 19' के हालिया 'वीकेंड का वार' एपिसोड में अभिनेता सलमान खान ने आखिरकार गायक अरिजीत सिंह के साथ अपने पुराने विवाद पर चुप्पी तोड़ी। उन्होंने खुलकर स्वीकार किया कि उस समय जो भी गलतफहमी हुई थी, वह उनकी तरफ से थी। साथ ही यह भी बताया कि अब दोनों के बीच सब कुछ ठीक है और वे अच्छे दोस्त हैं।

'बिग बॉस 19' के मंच पर जब कॉमेडियन रवि गुप्ता ने मजाक में कहा कि वे अरिजीत जैसे दिखते हैं, इस पर सलमान ने मुस्कुराते हुए कहा, "अब अरिजीत और मैं बहुत अच्छे दोस्त हैं। जो गलतफहमी थी, वो मेरी तरफ से थी। उसने फिर मेरे लिए गाने भी किए हैं।"
यह विवाद साल 2014 में एक अवॉर्ड शो के दौरान शुरू हुआ था, जब सलमान उस शो के होस्ट थे। मंच पर अरिजीत सिंह की धीमी प्रतिक्रिया पर सलमान ने मजाक में पूछा, "सो गए थे?" इस पर अरिजीत ने जवाब दिया, "आप लोगों ने सुला दिया।" हालांकि यह जवाब मजाकिया था, लेकिन सलमान ने इसे अपमानजनक समझा। इसके बाद मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान की फिल्मों 'बजरंगी भाईजान' और 'सुल्तान' से अरिजीत के गाने हटा दिए गए थे।
माफी मांगने की कोशिश की थी अरिजीत ने
घटना के बाद अरिजीत सिंह ने सोशल मीडिया पर सलमान से माफी मांगने की भी कोशिश की थी। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में अनुरोध किया था कि 'सुल्तान' फिल्म में उनके गाए गाने को बरकरार रखा जाए। हालांकि, कुछ समय बाद उन्होंने यह पोस्ट डिलीट कर दी थी।
2023 में फिर से नजदीक आए दोनों
अक्टूबर 2023 में यह कयास लगाए जाने लगे कि दोनों के बीच की दूरियां खत्म हो चुकी हैं, जब अरिजीत सिंह को सलमान के घर पर देखा गया। इसके बाद अरिजीत ने सलमान की फिल्म 'टाइगर 3' में भी गाना गाया और अब आगामी फिल्म 'गलवान' के लिए भी उनका गाना रिकॉर्ड किया जा रहा है।
एआर मुरुगादॉस पर भी किया कटाक्ष
इसी एपिसोड में सलमान खान ने निर्देशक एआर मुरुगादॉस पर भी व्यंग्य कसा। मुरुगादॉस ने पहले सलमान पर फिल्म 'सिकंदर' के फ्लॉप होने का आरोप लगाया था और दावा किया था कि सलमान देर रात 9 बजे सेट पर पहुंचते थे। इस पर सलमान ने कहा, "क्या है ना मैं सेट पर रात 9 बजे आता था, तो गड़बड़ हो गई। लेकिन अब इनकी फिल्म आई, जिसमें एक्टर 6 बजे आता था, फिर भी..."
फिलहाल इन प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं सलमान
सलमान खान फिलहाल 'बिग बॉस 19' की मेजबानी कर रहे हैं और साथ ही फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' में भी मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। अरिजीत के साथ संबंधों में सुधार की इस खबर से उनके फैंस काफी खुश हैं और उम्मीद है कि दोनों कलाकार भविष्य में और भी शानदार प्रोजेक्ट्स में साथ दिखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications