नहीं खत्म हो रहीं सलमान खान की मुश्किलें, राजस्थान के कंज्यूमर कोर्ट में केस हुआ दर्ज, अदालत ने मांगा जवाब
राजस्थान के कोटा के कंज्यूमर कोर्ट ने एक्टर सलमान खान और राजश्री पान मसाला कंपनी को नोटिस जारी किया है। यह मामला उस विज्ञापन से जुड़ा है, जिसमें सलमान खान कंपनी के उत्पाद का प्रचार करते नजर आते हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि विज्ञापन में "केसर युक्त पान मसाला" बताकर उपभोक्ताओं को गुमराह किया जा रहा है। इस मामले की सुनवाई अदालत में 27 नवंबर को होगी।

शिकायतकर्ता का आरोप
इस मामले की शिकायत भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और राजस्थान हाई कोर्ट के वकील इंदर मोहन सिंह हनी ने दर्ज कराया है। उनका कहना है कि राजश्री कंपनी का दावा वास्तविकता से परे है, क्योंकि एक किलोग्राम असली केसर की कीमत लगभग चार लाख रुपये होती है। जबकि कंपनी का पान मसाला मात्र पांच रुपये में बेचा जाता है। उन्होंने कहा कि इतने कम मूल्य में वास्तविक केसर का उपयोग असंभव है। इसलिए उपभोक्ताओं को भ्रामक जानकारी देकर धोखा दिया जा रहा है।
सेलिब्रिटीज़ की जिम्मेदारी पर उठे सवाल
शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि सलमान खान जैसे बड़े सितारे समाज और युवाओं पर गहरा प्रभाव डालते हैं। ऐसे में उनका इस तरह के उत्पादों का विज्ञापन करना गलत संदेश देता है। उन्होंने यह चिंता भी जताई कि अन्य देशों में बड़े कलाकार तंबाकू या स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वाले उत्पादों का प्रचार नहीं करते, जबकि भारत में यह प्रथा बढ़ती जा रही है। हनी ने कहा, "मैं बस यही चाहता हूं कि सलमान खान जैसी हस्तियां युवाओं को प्रेरणा दें, न कि उन्हें हानिकारक चीजों की ओर आकर्षित करें।"
स्वास्थ्य को लेकर चेतावनी और अगली सुनवाई
हनी ने पान मसाले को मुंह के कैंसर का एक प्रमुख कारण बताते हुए इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि अदालत ने विज्ञापन को भ्रामक पाया, तो कंपनी और विज्ञापन में शामिल सेलिब्रिटी दोनों को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। अदालत ने इस मामले में सलमान खान और राजश्री कंपनी दोनों से जवाब मांगा है। अगली सुनवाई 27 नवंबर को निर्धारित है, जिसमें दोनों पक्षों से विस्तृत जवाब पेश करने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications