अक्षय कुमार के साथ टूट गई थी रवीना टंडन की सगाई, 27 साल बाद एक्ट्रेस ने खुद बताया इस रिश्ते का सच
Raveena Tandon and Akshay Kumar: रवीना टंडन ने अब कई साल बाद अक्षय के साथ टूटी सगाई पर बात की है। कहा जाता है कि रवीना से ब्रेकअप के बाद अक्षय उनकी हमशक्लों को डेट करते थे।

Raveena Tandon and Akshay Kumar: एक समय ऐसा था जब लोग बड़े पर्दे पर हिंदी सिनेमा की खूबसूरत एक्ट्रेस रवीना टंडन और माचो मैन एक्टर अक्षय कुमार की जोड़ी को एकसाथ देखना पसंद करते थे। फिल्म 'मोहरा' के बाद से रवीना टंडन और अक्षय कुमार की जोड़ी फिल्म इंडस्ट्री में हर किसी की पहली पसंद बन गई थी। अक्षय कुमार और रवीना टंडन का ऑनस्क्रीन रोमांस लोगों को खूब पसंद आता है। धीरे-धीरे दोनों रील लाइफ से रियल लाइफ में भी रोमांस करने लगे थे। साल 1995 में दोनों एक दूसरे को डेट करते थे और उसके एक साल बाद यानी 1996 में दोनों ने सगाई भी कर ली थी। मीडिया में खबर थी कि जल्द ही दोनों शादी भी करने वाले हैं। लेकिन ये सगाई अचानक ही टूट गई थी। हालांकि सगाई टूटने के बाद दोनों अपनी अपनी जिंदगी में आगे बढ़ गए और किसी और से शादी कर अपना घर भी बसा लिया। लेकिन रवीना और अक्षय की उस टूटी सगाई की चर्चा आज भी होती है। रवीना ने हाल ही एक पॉडकास्ट शो में इस बारे में बात की और कहा कि वह अपनी जिंदगी के उस पन्ने की यादों को भुला चुकी हैं।

टूट गई थी रवीना टंडन-अक्षय कुमार की सगाई
आपको बता दें कि साल 1995 में ये खबर चारों तरफ फैल चुकी थी कि अक्षय कुमार और रवीना टंडन के बीच अफेयर चल रहा है। इसके बाद खबर आई थी कि साल 1996 में दोनों ने सगाई कर ली है। लेकिन फिर अचानक ही पता चला कि दोनों की सगाई टूट गई है और उनका ब्रेकअप हो गया है। रवीना और अक्षय ने हमेशा के लिए अपने रास्ते अलग कर लिए थे। रवीना ने अब कई साल बाद अक्षय के साथ टूटी सगाई पर बात की है। साथ ही उन दावों पर भी रिएक्ट किया है जिनमें ये कहा गया था कि रवीना से ब्रेकअप के बाद अक्षय उनकी हमशक्लों को डेट करने लगे थे।

टूटी सगाई पर रवीना टंडन का खुलासा
एएनआई पॉडकास्ट शो में रवीना टंडन ने अक्षय कुमार के साथ अपने रिश्ते को लेकर कहा- अभी भी ये चीज गूगल पर सामने आ जाती है और ऐसे आती है जैसे कि इस सगाई में जो भी लोग शामिल रहे हों, उनके बीच एक युद्ध हुआ हो। रवीना ने आगे कहा- एक बार जब मैं अक्षय कुमार की जिंदगी से बाहर निकल आई तो मैं किसी और को डेट कर रही थी और वह किसी और को डेट करने लगे थे। तो फिर कहां से जलन आएगी हम दोनों के बीच।

'लोग तलाक के बाद मूव ऑन कर जाते हैं'
रवीना टंडन ने कहा- मैं ये बात भूल चुकी हैं कि मेरी कभी अक्षय कुमार के साथ सगाई हुई थी। अक्षय से सगाई टूटने के बाद मैंने उस मुद्दे से जुड़ी हर खबर और आर्टिकल से दूरी बना ली थी। इसलिए मुझे याद भी नहीं है कि मेरी कब अक्षय से सगाई हुई थी। रवीना को इस बात से हैरानी है कि वह तो इस वाकये के बाद जिंदगी में आगे बढ़ गईं, लेकिन लोग क्यों अभी भी उनकी उस टूटी सगाई को लेकर चर्चाएं करते रहते हैं।

'लड़कियां कॉलेज में हर हफ्ते बॉयफ्रेंड बदलती हैं'
रवीना टंडन ने शो में आगे कहा- 'मोहरा' के दौरान हमारी जोड़ी हिट थी और अभी भी जब हम कभी एक-दूसरे से पब्लिकली टकराते हैं, तो हम सब खुशी से मिलते हैं और बात करते हैं। हर कोई जिंदगी में आगे बढ़ जाता है। लड़कियां कॉलेज में हर हफ्ते बॉयफ्रेंड बदलती हैं। लेकिन एक टूटी सगाई अभी भी मेरे दिमाग में अटकी है। पता नहीं क्यों? सब मूव ऑन कर जाते हैं। लोगों के तलाक होते हैं और वो भी जिंदगी में आगे बढ़ जाते हैं। इसमें कौन सी बड़ी बात है।

रवीना ने अनिल थडानी से कर ली शादी
आपको बता दें कि अक्षय कुमार एक समय पर रवीना टंडन के साथ रिलेशनशिप में थे। दोनों ने सगाई भी कर ली थी लेकिन फिर ये सगाई टूट गई और दोनों ने अपने रास्ते अलग कर लिए। रवीना ने अक्षय से रिश्ता टूटने के कुछ साल बाद फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर अनिल थडानी से शादी कर ली थी। उनकी एक बेटी राशा और बेटा रणबीर है। वहीं अक्षय कुमार ने ट्विंकल खन्ना से शादी कर ली थी। उनका भी एक बेटा आरव और एक बेटी नितारा है।












Click it and Unblock the Notifications