राजू श्रीवास्तव ने मौत से पहले ही वीडियो में कह दी थी यमराज की बात, बोले- वो अगर लेने आए तो...
राजू श्रीवास्तव के निधन की दुखद खबर ने उनके उस वायरल वीडियो की याद दिला दी जिसमें उन्होंने यमराज को लेकर एक खास बात कही थी।
मुंबई, 21 सितंबरः मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता राजू श्रीवास्तव के निधन की खबर से पूरी इंडस्ट्री में गम का माहौल है। सेलेब्स से लेकर राजनेता और आम जनता तक सोशल मीडिया पर राजू श्रीवास्तव को श्रद्धांजलि दे रही है। अपने जुमलों से दर्शकों के दिलों में जगह बनाने वाले राजू श्रीवास्तव ने कई दिनों तक अस्पताल में जंग लड़ने के बाद मौत को गले लगा लिया। दिल्ली के एम्स अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली। लोग राजू श्रीवास्तव को याद कर उनकी वीडियोज और तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। इसी बीच उनका एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने यमराज के बारे में बात की है।

राजू श्रीवास्तव का यमराज वीडियो हो रहा है वायरल
राजू श्रीवास्तव के निधन की दुखद खबर ने उनके उस वायरल वीडियो की याद दिला दी जिसमें उन्होंने यमराज को लेकर एक खास बात कही थी। आपको बता दें कि राजू श्रीवास्तव अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपने सिग्नेचर स्टाइल वाले जुमलों और कसीदों की कई वीडियोज शेयर करते रहते थे। राजू श्रीवास्तव के दुखद निधन पर उनका एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने एक इंसान को मरते दम तक कैसा होना चाहिए, इसका जिक्र किया था।
यमराज ने कहा- आप भैंस पर बैठिए
राजू श्रीवास्तव ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा था- यमराज के भैंसे पर बैठोगे? वीडियो में देखा जा सकता है कि शुरुआत में ही राजू कहते हैं- जिंदगी में ऐसा काम करो कि अगर यमराज भी आएं, आपको लेने तो कहें, भाईसाहब भैंस पर आप बैठिए। नहीं, नहीं आप पैदल चल रहे हैं, अच्छा नहीं लग रहा है। आप भले आदमी हैं, नेक आदमी हैं तो आप बैठिए।
Recommended Video

दिल्ली के एम्स में चल रहा था इलाज
आपको बता दें कि कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को गत 10 अगस्त को जिम में वर्कआउट के दौरान आए हार्ट अटैक के बाद दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। आज उनका निधन हो गया है। दिल्ली एम्स में भर्ती होने के बाद से उनकी हालत नाजुक बताई जा रही थी। राजू को आईसीयू में वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।

वर्कआउट करते हुए हो गए थे बेहोश
जानकारी के अनुसार जिम में ट्रेडमिल पर वॉक करते समय अचानक राजू श्रीवास्तव बेहोश हो गए थे जिसके बाद उन्हें तुरंत दिल्ली के एम्स में भर्ती करवाया गया था। वहां डॉक्टरों ने बताया था कि राजू श्रीवास्तव को हार्ट अटैक आया है। एम्स में उनकी एंजियोप्लास्टी भी की गई थी लेकिन उनकी हेल्थ में कोई सुधार नहीं हो पा रहा था।

राजू श्रीवास्तव का ब्रेन नहीं कर रहा था काम
राजू श्रीवास्तव के करीबी दोस्त डॉ. अनील मोरारका ने बताया था कि राजू श्रीवास्तव का ब्रेन सही तरीके से रेस्पॉन्स नहीं कर पा रहा था और इसी के चलते उन्हें होश नहीं आ रहा था। डॉक्टरों के अनुसार उनके होश में न आने की वजह से उनका सही से इलाज भी नहीं हो पा रहा था। डॉक्टरों के मुताबिक सही ट्रीटमेंट के लिए राजू श्रीवास्तव का होश में आना बहुत ही जरूरी था।

42 दिनों तक बेहोश थे राजू श्रीवास्तव
राजू श्रीवास्तव करीब 42 दिनों तक बेहोश थे और वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। उनके होश में न आने से डॉक्टरों की चिंता भी बढ़ती जा रही थी। आखिरकार आज उनकी मौत हो गई। राजू श्रीवास्तव के एम्स में भर्ती रहने के दौरान इंफेक्शन की वजह से बुखार भी हे गया था। हालांकि वह बाद में बुखार ठीक हो गया था। खबर थी कि राजू श्रीवास्तव ने बीच बीच में अपनी उंगलियां भी हिलाई थीं लेकिन वह पूरी तरह से होश में नहीं आ पाए और उनकी मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications