Rajpal Yadav का घर होगा नीलाम, प्रॉपर्टी बेचने के लिए बैंक ने चिपकाया नोटिस, जेल में बंद एक्टर के साथ क्या हुआ
Rajpal Yadav: बॉलीवुड के फेमस एक्टर राजपाल यादव अब एक बार फिर एक नई कानूनी मुश्किल में फंस गए हैं। एक तरफ वह 16 साल पुराने चेक बाउंस केस में पहले से ही जेल में बंद हैं, तो वहीं अब एक दूसरे मामले में लोन वसूली के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने उनकी संपत्ति नीलाम करने का आदेश जारी किया है। एक्टर की ये संपत्ति मध्य प्रदेश के बंडा इलाके में स्थित है, जिसकी कीमत 3.10 करोड़ रुपये है। लोन वसूलने के लिए बैंक की ओर से नीलामी का नोटिस कचहरी रोड स्थित उनके पैतृक घर पर चिपका दिया है।
राजपाल यादव के प्लॉट के बाहर नीलामी का नोटिस लगाया गया
जानकारी के अनुसार राजपाल यादव के एक दूसरे प्लॉट के बाहर भी नीलामी का नोटिस लगा दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी देवी पर 16 करोड़ 61 लाख रुपये का लोन बकाया है, जिसे वसूलने की तैयारी कई साल से चल रही है। दरअसल राजपाल यादव की जिस संपत्ति को अब नीलाम किया जाएगा, उसे सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने लोन न चुकाए जाने के एवज में साल 2024 में ही सीज कर लिया था।

पिता की प्रॉपर्टी को गिरवी रखकर राजपाल यादव ने लिया था लोन
वहीं राजपाल यादव ने 5 करोड़ रुपये का लोन, उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर इलाके में उनके पिता नौरंग यादव की प्रॉपर्टी को गिरवी रखकर लिया गया था। लोन न चुका पाने के कारण ये रकम बढ़कर 11 करोड़ रुपये हो गई थी। इसके बाद 8 अगस्त 2024 को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स ब्रांच की एक टीम शाहजहांपुर पहुंची और प्रॉपर्टी को सील कर दिया गया था।
प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त पर भी पाबंदी
बैंक ने प्रॉपर्टी पर एक बैनर भी लगाया था, जिसमें साफ तौर पर बताया गया था कि अब ये प्रॉपर्टी सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की है और इसकी खरीद-फरोख्त से जुड़ा कोई भी लेन-देन नहीं होना चाहिए। राजपाल यादव जब पत्नी और मां के नाम पर बकाया 16 करोड़ 61 लाख रुपये का लोन नहीं चुका पाए, तो बैंक ने इसे इसे डिफॉल्ट खाते की श्रेणी में डाल दिया और वसूली का नोटिस जारी शुरू कर दिया।
राजपाल यादव की कुछ खास संपत्तियों को नीलाम किया जाएगा
-आपको बता दें कि जब साल 2024 में बैंक की ओर से राजपाल यादव की संपत्ति पर वसूली का नोटिस लगाया गया था, तो एक्टर ने बैंक से बात की थी और सहमति बनी थी कि लोन चुका दिया जाएगा लेकिन तय समय सीमा में जब लोन नहीं चुकाया गया, तो अब मुंबई ऋण वसूली न्यायाधिकरण (Mumbai Debt Recovery Tribunal) के आदेश के बाद लोन वसूली की प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई है।
-इसके लिए 9 सितंबर 2026 की तारीख तय की गई है। बताया जा रहा है कि राजपाल यादव की जिन संपत्तियों को नीलाम किया जाएगा, उनमें उनके मुंबई के अलावा बाकी जगहों पर स्थित फ्लैट्स, पैतृक गांव कुंडरा की जमीन और उस पर बने घर को भी शामिल किया गया है।
चेक बाउंस केस में जेल में बंद हैं राजपाल यादव
-राजपाल यादव फिलहाल चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं, जो साल 2010 में आई उनकी फिल्म 'अता पता लापता' से जुड़ा है। दिल्ली हाई कोर्ट ने 10 जुलाई 2026 को सुनवाई के दौरान एक्टर को फटकार लगाई थी और 3 महीने जेल की सजा सुनाई थी। कोर्ट ने राजपाल यादव पर जुर्माना भी लगाया और उनके बर्ताव को 'संदिग्ध' बताया था।
-राजपाल यादव ने साल 2010 में 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था ताकि फिल्म बना सकें। उन्होंने पैसे लौटाने का कई बार आश्वासन दिया, पर नहीं लौटा सके। उन पर चेक बाउंस के 7 अलग-अलग मामलों में करीब 9 करोड़ रुपये का कर्ज बकाया था।
-इस मामले में साल 2024 में सेशंस कोर्ट ने राजपाल यादव को दोषी करार देते हुए 6 महीने जेल की सजा सुनाई थी। हालांकि तब एक्टर ने फैसले को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। इसके बाद ऊपरी अदालत ने सजा पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी थी। इसी केस में राजपाल यादव को 5 फरवरी 2026को तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा था और वह 12 दिनों तक जेल में रहे थे।


Click it and Unblock the Notifications
