'भीड़ में टैलेंट खोज लेते थे पुनीत राजकुमार': जेफ बेजोस नहीं, इवेंट में इस एक्टर के साथ खिंचवाना चाहते थे फोटो
बेंगलुरु, 01 नवंबर। कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार पुनीत राजकुमार अब हमारे बीच नहीं हैं। 29 अक्टूबर को बेंगलुरु में दिल का दौड़ा पड़ने से उनका निधन हो गया। रविवार को फिल्म इंडस्ट्री, राजनीतिक दिग्गज और फैंस ने भावुक दिल से पुनीत राजकुमार को अंतिम विदाई दी और उनका आखिरी संस्कार किया गया। पुनीत खुद जितने गुणी कलाकार थे उसी तरह उनकी नजरों को भी प्रतिभा की खूब पहचान थी। निधन के बाद सामने आया उनसे जुड़ा एक किस्सा इस बात का सबूत है।

पुनीत राजकुमार के निधन से सदमे में फैंस
कन्नड़ फिल्म उद्योग में सुपरस्टार पुनीत राजकुमार के निधन ने उनके फैंस को झकझोर कर रख दिया है, अपने अभिनेता के आखिरी दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। इस बीच कॉमेडियन और अभिनेता दानिश सैत ने पुनित से जुड़ा एक किस्सा साझा किया जिसे जानने के बाद एक्टर के लिए फैंस और लोगों के दिन में इज्जत और बढ़ गई। दानिश ने बताया की पुनीत लोगों से भरे कमरे में भी प्रतिभा की पहचान कर लेते थे। दिग्गज उद्योगपति जेफ बेजोस के एक इवेंट में पुनीत राजकुमार ने बॉलीवुड एक्टर पंकज त्रिपाठी को खोज निकाला।

जेफ बेजोस संग नहीं ली फोटो
पुनीत की यादें साझा करते हुए दानिश ने पोस्ट में बताया कि दिग्गज सुपरस्टार फिल्मों का निर्माण करना चाहते थे और प्रतिभा की एक पूरी नई पीढ़ी स्थापित करना चाहते थे। दानिश ने आगे कहा, 'पुनीत राजकुमार ने एक बार जेफ बेजोस के साथ एक अमेजन इवेंट में शिरकत की थी। यह एक समारोह था जिसमें बड़ी संख्या में फिल्मी सितारे उपस्थित थे, और हर कोई एक-दूसरे से मिलने या जेफ बेजोस के साथ तस्वीरें लेने में व्यस्त था। हालांकि पुनीत अलग एक कोने में खड़े थे।'

इस एक्टर से जताई मिलने की इच्छा
दानिश ने बताया, 'अमेजन प्राइम वीडियो टीम उनके पास गई और पूछा, अप्पू (पुनीत को प्यार से बुलाया जाने वाला नाम) आपको किसी के साथ तस्वीरें क्यों नहीं खिंचवा रहे? आप चुपचाप कोने में क्यों खड़े हैं? आप जिसके साथ फोटो लेना चाहते हैं उसका नाम लीजिए और हम आप तक उन्हें ले आएंगे।' जवाब में पुनीत ने मुस्कुराते हुए कहा, 'सच में? मैं बस पंकज त्रिपाठी से मिलना चाहता हूं।' पंकज उस समय बड़े स्टार नहीं बने थे, लेकिन 2012 में आई 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' से पहले उन्हें बहुत कम लोग जानते थे।

भीड़ कर लेते थे प्रतिभा की पहचान
दानिश ने आगे लिखा, मेरे अप्पू अन्ना ने हमेशा भीड़ भरे कमरे में प्रतिभा की पहचान की। उन्होंने चमकते सितारों के बीच इंसानों की पहचान की। अपने नोट में दानिश सैत ने पुनीत राजकुमार के साथ हुई बातचीत और दिवंगत अभिनेता के नई पीढ़ी की प्रतिभा को स्थापित करने के लिए फिल्मों के निर्माण के सपने को भी याद किया। दानिश ने नोट में बताया कि उन्होंने एक बार पुनीत से पूछा था कि उन्होंने नए अभिनेताओं पर अपने पैसा का रिस्क लेने की बताए फिल्मों का निर्माण क्यों नहीं किया? इस पर पुनीत ने कहा था कि यह एक पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह दूसरी पीढ़ी को स्थापित करे। हमारे लोगों (दर्शकों) का हमेशा मनोरंजन होते रहना चाहिए।
यह भी पढ़ें: VIDEO: राजकीय सम्मान के साथ हुआ एक्टर पुनीत राजकुमार का अंतिम संस्कार, फूट-फूट कर रोए डीके शिवकुमार












Click it and Unblock the Notifications