Pawan Singh के शो में बेकाबू हुई भीड़, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज, UP के बलिया में क्यों मचा हंगामा?
Pawan Singh: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और मशहूर सिंगर पवन सिंह का एक कार्यक्रम उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब उत्तर प्रदेश के बलिया में आयोजित उनके शो के दौरान भारी हंगामा खड़ा हो गया। हजारों की संख्या में पहुंचे फैंस के बीच अचानक ऐसी स्थिति बन गई कि पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।
बलिया में कार्यक्रम बना अफरा-तफरी का मैदान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही पावरस्टार पवन सिंह स्टेज पर पहुंचे, उन्हें देखने और करीब से झलक पाने के लिए लोग आगे बढ़ने लगे। देखते ही देखते भीड़ बेकाबू हो गई और कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालात इतने बिगड़ गए कि वहां लगी कई कुर्सियां और टेबल भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

लाठीचार्ज में कई लोग घायल, इवेंट में मचा हंगामा
-कार्यक्रम में मची अव्यवस्था के बीच पुलिस को हालात संभालने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान कई लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों ने दावा किया है कि पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए सख्त रवैया अपनाया, जिससे कई दर्शकों को गंभीर चोटें आई हैं।
-घायलों में शामिल एक युवक ने आरोप लगाया कि उसे बिना किसी उकसावे के पुलिसकर्मियों ने पीटा। उसके सिर पर चोट के निशान दिखाई दिए और उसने दावा किया कि वह केवल कार्यक्रम देख रहा था लेकिन फिर भी उसे निशाना बनाया गया। हालांकि इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पवन सिंह के कार्यक्रम में मौजूद थे कई बड़े नेता
जानकारी के अनुसार इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में भोजपुरी एक्टर और सांसद रवि किशन के साथ उत्तर प्रदेश सरकार में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी मौजूद थे। कार्यक्रम में राजनीतिक और मनोरंजन जगत की हस्तियों की मौजूदगी के कारण सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही चर्चा में थी लेकिन भारी भीड़ के चलते हालात नियंत्रण से बाहर हो गए।
निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में हैं पवन सिंह
-जहां एक ओर बलिया का कार्यक्रम इस समय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर पवन सिंह अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी लगातार खबरों में बने हुए हैं। पवन सिंह और उनकी दूसरी पत्नी ज्योति सिंह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। खबर है कि दोनों तलाक लेने वाले हैं।
-आपको बता दें कि साल 2018 में पवन सिंह ने ज्योति सिंह से शादी की थी लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही रिश्ते में तनाव की खबरें सामने आने लगी थीं। मामला अब कानूनी लड़ाई तक पहुंच चुका है और दोनों के बीच तलाक को लेकर अदालत में सुनवाई चल रही है।
एलिमनी की मांग और बढ़ा विवाद
-मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ज्योति सिंह ने तलाक प्रक्रिया के दौरान एलिमनी के रूप में बड़ी रकम की मांग की है। उनका कहना है कि उनके पास ऐसा कोई आय स्रोत नहीं है, जिससे वह शादी के बाद मिले लाइफस्टाइल को बरकरार रख सकें।
-खबर है कि ज्योति सिंह ने अदालत में भावनात्मक तनाव, वैवाहिक विवाद और परित्याग जैसे मुद्दों का भी जिक्र किया है। उनका दावा है कि शादी ऐसे हालात में टूटी है, जिन पर उनका नियंत्रण नहीं था।
अक्षरा सिंह ने ज्योति को किया सपोर्ट
इस पूरे विवाद में भोजपुरी एक्ट्रेस और पवन सिंह की कथित एक्स गर्लफ्रेंड अक्षरा सिंह का नाम भी सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अक्षरा सिंह का मानना है कि तलाक के बाद महिलाओं को उचित आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए और समाज को इस मुद्दे को गंभीरता से देखने की जरूरत है। एक्ट्रेस के इस बयान के सामने आने के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है क्योंकि पवन सिंह और अक्षरा सिंह का पुराना रिश्ता पहले भी कई बार सुर्खियां बटोर चुका है।
साल 2022 में दायर हुई थी तलाक की अर्जी
-जानकारी के मुताबिक पवन सिंह ने साल 2022 बिहार के में आरा फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। इसके बाद से ये मामला लगातार अदालत में चल रहा है। कई रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया गया है कि कई सुनवाइयों में एक्टर की अनुपस्थिति के कारण प्रक्रिया लंबी होती चली गई।
-विवाद ने नया मोड़ तब लिया जब अक्टूबर 2025 में ज्योति सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें पति पवन सिंह के घर में एंट्री नहीं दी जा रही है। इसके अलावा उन्होंने पवन सिंह पर बेवफाई के आरोप भी लगाए थे। हालांकि इन आरोपों पर एक्टर की ओर से अलग-अलग समय पर प्रतिक्रियाएं सामने आती रही हैं।
विवादों में घिरी है पवन सिंह की जिंदगी
जानकारी के अनुसार पवन सिंह भोजपुरी इंडस्ट्री के सबसे बड़े सितारों में गिने जाते हैं और उनकी लोकप्रियता का अंदाजा उनके कार्यक्रमों में उमड़ने वाली भीड़ से लगाया जा सकता है। हालांकि हाल के दिनों में जहां उनका स्टारडम चर्चा में रहा है, वहीं निजी जीवन से जुड़े विवाद भी लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं। अब बलिया कार्यक्रम में हुए हंगामे और तलाक विवाद से जुड़ी खबरों के बीच एक बार फिर पवन सिंह मीडिया और सोशल मीडिया दोनों जगह चर्चा का केंद्र बन गए हैं।













Click it and Unblock the Notifications