'अक्षय कुमार की फिल्म देखने वालों शर्म करो', थिएटर के बाहर किसानों ने की नारेबाजी, देखें Video
पटियाला, 27 अगस्त: कोरोना की दूसरी लहर के थमने के बाद फिर से सिनेमाघर शुरू हो गए हैं। ऐसे में एक्टर अक्षय कुमार की फिल्म 'बेल बॉटम' रिलीज होने के साथ ही चर्चाओं में बनी हुई है। कोरोना के बाद फिर से खुले थिएटर में रिलीज होने वाली 'बेल बॉटम' पहली फिल्म है। फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, लेकिन पंजाब के पटियाला में अक्षय कुमार की फिल्म का जमकर विरोध किया जा रहा है, जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। क्या है पूरा मामला जनिए...

मुश्किल में आ गई' बेल बॉटम'
सुपरस्टार अक्षय कुमार की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'बेल बॉटम' पिछले हफ्ते थिएटर में रिलीज हुई थी। फिल्म को लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स भी मिल रहा है। हालांकि अब ऐसा लग रहा है कि फिल्म मुश्किल में आ गई है। पंजाब का एक खास वर्ग सिनेमाघरों में फिल्म की रिलीज का विरोध कर रहा है। यहीं नहीं वो लोग थिएटर के बाहर नारेबाजी भी कर रहे हैं।

'अक्षय कुमार की फिल्म देखने वालों शर्म करो...'
दरअसल पंजाब के पटियाला में थिएटर के बाहर फिल्म के खिलाफ नारेबाजी करने वाले लोग किसान संगठन से जुड़े हुए हैं। साथ ही वो सिनेमाघर के बाहर 'बेल बॉटम' का विरोध करते हुए 'अक्षय कुमार की फिल्म देखने वालों शर्म करो...' जैसे नारे भी लगा रहे हैं, जिसका एक वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

अक्षय कुमार के खिलाफ किसानों का मोर्चा
पंजाब के किसान जिन्होंने पिछले साल सितंबर में केंद्र के कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली में डेरा डाला हुआ है, वो अब अक्षय कुमार की फिल्म बेल बॉटम के बहिष्कार का आह्वान करते हुए पटियाला के फूल सिनेमा के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों को 'अक्षय कुमार दी फिल्म देखने वालों शर्म करो..' के नारे लगाते हुए देखा जा सकता है। यह विरोध पिछले साल अक्षय के उस बयान के विरोध में है, जिसमें उन्होंने किसान आंदोलन को प्रोपेगेंडा बताया था।

थिएटर मालिकों को मिली धमकी
यह विरोध फिल्म देखने के बाद बाहर आए प्रशंसकों को विचलित करने का एक प्रयास है। इतना ही नहीं गुस्साए किसानों ने सिनेमा हॉल को अगले शनिवार तक फिल्म ना दिखाने के लिए भी कहा है। वहीं ऐसा ना करने पर थिएटर मालिकों को नतीजा भुगतने की भी धमकी दी गई है। बता दें, पिछले साल सितंबर से ही पंजाब के किसान कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। आप भी देखें किसानों का थिएटर के बाहर प्रदर्शन...












Click it and Unblock the Notifications