'जो कुछ भी हूं शाहरुख के कारण ही हूं', ऐसा क्यों बोले जॉन अब्राहम?
नई दिल्ली, 05 मार्च। बॉलीवुड के हैंडसम हंक जॉन अब्राहम इन दिनों फिल्म 'पठान' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में उनके साथ हिंदी सिनेमा के किंग यानी कि शाहरुख खान नजर आने वाले हैं और इसी फिल्म के जरिए शाहरुख पूरे चार साल बाद फिल्मी पर्दे पर वापसी भी करने वाले हैं और इसी कारण इस फिल्म का इंतजार लोग बड़ी बेसब्री से कर रहे हैं।

जॉन ने खुलकर शाहरुख की तारीफ की
हाल ही में मीडिया से अपनी लेटेस्ट रिलीज फिल्म 'अटैक' के प्रमोशन के दौरान रूबरू हुए जॉन ने खुलकर शाहरुख की तारीफ की और अपने बारे में एक हैरान भरी बात भी बताई।
वो एक कमाल के इंसान हैं: जॉन अब्राहम
जॉन ने कहा कि फिल्म 'पठान' की शूटिंग चल रही है इसलिए अभी इसकी कहानी के बारे में ज्यादा बात नहीं कर सकता हूं लेकिन शाहरुख के बारे में जरूर ये कहना चाहूंगा कि वो एक कमाल के इंसान हैं और उनके साथ काम करना मेरे लिए सच में गर्व की बात है।

'जो कुछ भी हूं शाहरुख के कारण ही हूं',
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि 'सच कहूं तो मैं आज जो कुछ भी हूं, वो सब उन्हीं की बदौलत हूं।' दरअसल उन्होंने बताया कि जब उन्होंने मॉडलिंग की शुरुआत की थी, तो एक प्रतियोगिता में उन्होंने भाग लिया था, जहां जज शाहरुख खान ही थे। जॉन ने कहा कि उनके लिए तो केवल ये एक प्रतियोगिता होगी लेकिन मेरे करियर के लिए वो बहुत बड़ी बात थी इसलिए मैं दिल से उनका हमेशा एहसानमंद रहूंगा।

25 जनवरी 2023 को रिलीज होगी 'पठान'
आपको बता दें कि फिल्म 'पठान' 25 जनवरी 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में दीपिका पादुकोण भी नजर आएंगी, हाल ही में शाहरुख-दीपिका स्पेन से शूटिंग करके लौटे हैं।

कामर्शियल सक्सेस फिल्म 'धूम'
गौरतलब है कि जॉन अब्राहम देश के चर्चित मॉडलों में से एक रहे हैं। उन्होंने जिस्म (2003) के जरिए बॉलीवुड में कदम रखा था और आते ही वो लोगों के दिलों पर छा गए हालांकि उनकी पहली कामर्शियल सक्सेस फिल्म 'धूम' थ। साल 2012 में उन्होंने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम रखा और फिल्म 'विकी डोनर' से निर्माता के रूप में भी शुरूआत की, जो कि बड़ी हिट हुई।

इंडियन सुपर लीग की फुटबाल टीम नार्थईस्ट यूनाइटेड एफसी के सह-मालिक
केरल में जन्मे जॉन की निर्माता के तौर तौर पर उनकी दूसरी फिल्म 'मद्रास कैफे' थी। वे बॉलीवुड में सेक्स सिंबल कहे जाते हैं। वे इंडियन सुपर लीग की फुटबाल टीम नार्थईस्ट यूनाइटेड एफसी के सह-मालिक भी हैं। उन्हें कई बार कई पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications