Odisha Train Accident: बॉलीवुड सेलेब्स ने जताया शोक, सलमान खान से लेकर जूनियर NTR तक ने लिखी ऐसी बात
Odisha Train Accident: ओडिशा के बालासोर में तीन ट्रेनों की एक के बाद एक भीषण टक्कर में 230 से अधिक लोगों की मौत हो गई और 900 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। इस घटना को लेकर बॉलीवुड सेलेब्स दुख व्यक्त कर रहे हैं।

Odisha Train Accident: ओडिशा के बालासोर में गत 2 जून की शाम को तीन ट्रेनें आपस में टकरा गईं, जिसकी वजह से भीषण हादसा हो गया। दुनिया भर के लोग इस रेल हादसे में मरने वालों के लिए शोक व्यक्त कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ओडिशा के बालासोर जिले में तीन ट्रेनों की एक के बाद एक भीषण टक्कर में 230 से अधिक लोगों की मौत हो गई और 900 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। वहीं बॉलीवुड एक्टर सलमान खान, किरण खेर, सोनू सूद, विवेक अग्निहोत्री सहित बॉलीवुड हस्तियों ने भी इस घटना के बारे में जानने के बाद दुख व्यक्त किया है।
सलमान खान ने जताया शोक
सलमान खान ने ट्वीट करते हुए लिखा है- दुर्घटना के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। भगवान मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करे...इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना से घायलों और परिवारों को रक्षा और शक्ति प्रदान करे।
किरण खेर ने लिखी ये बात
बॉलीवुड एक्ट्रेस और पॉलिटिशियन किरण खेर ने कहा- ओडिशा के बालासोर में हुए विनाशकारी ट्रेन हादसे के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करती हूं।
जूनियर एनटीआर ने जताया दुख
वहीं साउथ के फैमस एक्टर जूनियर एनटीआर ने इस हादसे पर दुख जताते हुए ट्वीट किया है- दुखद रेल दुर्घटना से प्रभावित परिवारों और उनके प्रियजनों के प्रति हार्दिक संवेदना। मेरे विचार इस विनाशकारी घटना से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति के साथ हैं। इस कठिन समय में उनके आसपास शक्ति और समर्थन रहे।

सोनू सूद ने शेयर की तस्वीर
सोनू सूद ने ओडिशा ट्रेन दुर्घटना स्थल से एक तस्वीर के साथ एक ट्वीट शेयर किया है और एक टूटे हुए दिल का इमोजी भी उसमें जोड़ा है। वहीं दूसरी तरफ बॉलीवुड के फेमस डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने सवाल किया कि तीन ट्रेनों के आपस में टकराने के लिए कौन जिम्मेदार है। साथ ही उन्होंने इस घटना के लिए शोक भी व्यक्त किया। है। उन्होंने लिखा है- दुखद और बेहद शर्मनाक। सभी परिवारों के लिए प्रार्थना। ओम शांति।

इस घटना के बाद, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दुर्घटना स्थल का दौरा किया है और इसकी स्थिति का जायजा लिया है। ओडिशा में हुए इस रेल दुर्घटना के कारणों का पता रेल सुरक्षा आयुक्त द्वारा रिपोर्ट सौंपने के बाद ही चलेगा। जानकारी के अनुसार 1,200 रेल कर्मियों के अलावा 200 एंबुलेंस, 50 बसें और 45 मोबाइल स्वास्थ्य इकाइयां दुर्घटनास्थल पर काम कर रही हैं। वहीं बचाव अभियान में मदद के लिए भारतीय सेना भी अपना काम कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications