'ओ रोमियो' का ट्रेलर लॉन्च इवेंट हुआ कैंसिल, शाहिद कपूर की जान को खतरा!
फिल्म 'ओ रोमियो' को लेकर दर्शकों की उत्सुकता के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। बुधवार, 15 जनवरी को होने वाला इस फिल्म का ट्रेलर लॉन्च इवेंट आखिरी समय में रद्द कर दिया गया। बताया जा रहा है कि यह फैसला सुरक्षा कारणों और एक गंभीर कानूनी विवाद के चलते लिया गया, जिससे मेकर्स को कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा।

हुसैन उस्तरा की कहानी पर आधारित है फिल्म
निर्देशक विशाल भारद्वाज की यह फिल्म मुंबई के कुख्यात गैंगस्टर और कॉन्ट्रैक्ट किलर हुसैन उस्तरा के जीवन से प्रेरित बताई जा रही है। फिल्म में शाहिद कपूर हुसैन उस्तरा की भूमिका निभा रहे हैं। हाल ही में जारी किए गए टीजर में शाहिद का बेहद खतरनाक और अलग अवतार देखने को मिला था, जिसने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया था।
परिवार की आपत्ति से खड़ा हुआ विवाद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हुसैन उस्तरा की बेटी सनोबर शेख ने फिल्म के निर्माताओं को 2 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस भेजा है। उनका आरोप है कि फिल्म में उनके पिता की छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है, जिससे उनके परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है। सनोबर शेख का कहना है कि बिना परिवार की सहमति के इस तरह की कहानी दिखाना अनुचित है।
रिलीज टालने की भी रखी मांग
सनोबर शेख ने नोटिस में यह मांग भी की है कि जब तक मेकर्स उनके परिवार के साथ बैठकर सभी मुद्दों को स्पष्ट नहीं करते, तब तक फिल्म की रिलीज रोकी जाए। इसी कानूनी अड़चन को ट्रेलर लॉन्च रद्द होने की बड़ी वजह माना जा रहा है। मेकर्स किसी भी तरह के जोखिम से बचने के लिए फिलहाल पीछे हटते नजर आ रहे हैं।
मेकर्स की चुप्पी, सवाल बरकरार
इस पूरे मामले पर अभी तक न तो निर्देशक विशाल भारद्वाज और न ही निर्माता साजिद नाडियाडवाला की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। ट्रेलर लॉन्च रद्द होने से फिल्म की प्रमोशनल रणनीति पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
शानदार स्टारकास्ट से सजी है 'ओ रोमियो'
शाहिद कपूर के अलावा फिल्म में विक्रांत मैसी, तृप्ति डिमरी, दिशा पाटनी, नाना पाटेकर, तमन्ना भाटिया और फरीदा जलाल जैसे दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। शाहिद के दमदार लुक और विशाल भारद्वाज के निर्देशन को देखते हुए फिल्म से काफी उम्मीदें जुड़ी हैं। फिलहाल 'ओ रोमियो' की रिलीज डेट 13 फरवरी बताई जा रही है। अब देखना होगा कि यह कानूनी विवाद फिल्म की रिलीज और प्रमोशन पर कितना असर डालता है और मेकर्स इस स्थिति से कैसे निपटते हैं।












Click it and Unblock the Notifications