इंडियन आइडल के ग्रैंड फिनाले में बनेगा नया रिकॉर्ड, शो की टाइमिंग में भी बदलाव
मुंबई, 11 अगस्त: इंडियन आइडल का 12वां सीजन खत्म होने वाला है। अब इसमें सिर्फ 6 कंटेस्टेंट्स बचे हैं, जिनके बीच 15 अगस्त को ग्रैंड फिनाले में कड़ा मुकाबला होगा। ये सीजन अन्य सीजन के मुकाबले काफी लंबा चला, इस वजह से अब मेकर्स ने फिनाले के लिए मेगा प्लान तैयार किया है। जिसके तहत इसका प्रसारण 12 घंटे तक किया जाएगा। जिसे आप सोनी टीवी और उसके ऐप पर देख सकते हैं।
Recommended Video

दोपहर 12 बजे होगा शुरू
सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल का ग्रैंड फिनाले 15 अगस्त रविवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर होगा। इसका प्रसारण सोनी टीवी पर दोपहर 12 बजे शुरू होगा, जो रात 12 बजे तक जारी रहेगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पूरे फिनाले का लाइव टेलीकॉस्ट होगा, जिसके लिए 6 फाइनलिस्ट, कास्ट और क्रू पूरी तैयारियां कर चुके हैं। हाल ही में एक प्रेस मीट में सोनी टीवी के प्रोग्रामिंग हेड आशीष गोलवलकर ने कहा कि ये एक दबाव की स्थिति है। आपको सीधे 12 घंटे प्रोग्राम करना होता है और इसका मतलब है कि आपको एक बार में 3 सप्ताह का कंटेंट शूट करना होगा। ये एडिटिंग टीम को भी काफी परेशान करेगा।

75वें स्वतंत्रता दिवस पर 75वां एपिसोड
उन्होंने आगे कहा कि म्यूजिक टीम, कॉस्ट्यूम टीम और हर दूसरे विभाग इसके लिए खुद को तैयार कर रहे हैं। चाहे जो भी हो ये बेहद ही रोमांचक है। शायद ये रियलिटी टीवी में एक नए युग का प्रतीक होगा। संयोग से 15 अगस्त भारत का 75वां स्वतंत्रता दिवस होगा, साथ ही इंडियन आइडल भी अपने 75वें एपिसोड की प्रोग्रामिंग करेगा। उनकी टीम इस बार नया रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है।

इंडियन आइडल 12 के फाइनलिस्ट
- अरुणिता कांजीलाल
- शनमुखप्रिया
- मोहम्मद दानिश
- पवनदीप राजनी
- सायली कांबले
- निहाल तोरो

ये सितारे भी होंगे शामिल
शुरुआत में नेहा कक्कड़, विशाल ददलानी और हिमेश रेशमिया शो के जज थे, लेकिन लॉकडाउन के बाद पैनल बदल गया। कई एपिसोड के लिए जजों के पैनल में गायक-संगीतकार अनु मलिक और गीतकार मनोज मुंतशिर भी नजर आए। बाद में नेहा कक्कड़ ने ब्रेक लिया, फिर उनकी जगह सोनू कक्कड़ आ गईं। नेहा ने पहले ही साफ कर दिया था कि वो फिनाले में नहीं रहेंगी। वहीं आखिरी एपिसोड में बॉलीवुड स्टार सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी अपनी फिल्म शेरशाह का प्रमोशन करने पहुंचेंगे।












Click it and Unblock the Notifications