Munjya Trailer: रिलीज हुआ 'मुंजया' का खौफनाक ट्रेलर, 'मुन्नी' से शादी करने के लिए मचाई ऐसी दहशत
Munjya Trailer Out: बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म 'स्त्री' के प्रोड्यूसर दिनेश विजान अब एक और हॉरर कॉमेडी फिल्म 'मुंजया' के साथ लोगों को एंटरटेन करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। मैडॉक फिल्म्स अपने नए प्रोजेक्ट 'मुंजया' के साथ जल्द ही लोगों के सामने होगी।
दिनेश विजान की एक और नई कहानी
राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की सुपरहिट फिल्म 'स्त्री' की सफलता के करीब 6 साल बाद दिनेश विजान एक और नई कहानी के साथ लोगों के सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माता दिनेश विजान के अनुसार मुंजया इस फिल्म का एक ऐसा किरदार है, जो कि लोगों को डराएगा भी और हंसाएगा भी।

फिल्म 'मुंजया' का ट्रेलर रिलीज
कुछ दिन पहले ही इस फिल्म का टीजर रिलीज किया गया था जो कि लोगों को खूब पसंद आया था। अब मेकर्स ने फिल्म 'मुंजया' का ट्रेलर रिलीज कर दिया है, जो कि बहुत ही खौफनाक नजर आ रहा है। आज यानी 24 मई 2024 को फिल्म का ट्रेलर रिलीज कया गया है। रिलीज होते ही ये सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है।
मुंजया को अपने वंशज का इंतजार है
फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत एक जंगल से होती है, जहां की एक जगह चेतुकवाड़ी शापित है। वहां का एक पेड़ भी शापित है, जिसके नीचे मुंजया की अस्थियां गड़ी हैं। कहते हैं कि वह किसी मुन्नी से शादी करना चाहता था, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। उसी दिन से मुंजया अपने वंशज के इंतजार में है, जब वह मुक्त होकर अपनी आखिरी इच्छा पूरी करेगा। मुंजया की इच्छा पूरी न हो पाने के कारण वह ऑब्सेसिव लवर बन जाता है।
सीजीआई से बना हीरो और विलेन
ट्रेलर में दिखाया गया है कि बहुत पुराने से एक पेड़ में छिपे उस भूत को अपने वंशज का इंतजार होता है। इंतजार में कई साल से भटक रहे मुंजया को आखिरकार उसका वंशज मिल जाता है और इसके बाद ही शुरू हो जाती है कॉमेडी और हॉरर की कहाी। इस फिल्म का ट्रेलर जहां कुछ लोगों को काफी खौफनाक लगा है वहीं कुछ लोग इसे कॉमेडी बता रहे हैं। आपको बता दें कि कंप्यूटर जेनरेटेड इमेज के जरिए इसके हीरो और विलेन मुंजया को तैयार किया गया है।
7 जून 2024 को रिलीज होगी फिल्म 'मुंजया'
जानकारी के अनुसार फिल्म 'मुंजया' आगामी 7 जून 2024 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में बॉलीवुड एक्ट्रेस शरवरी वाघ, मोना सिंह, अभय वर्मा और सत्यराज सिंह नजर आने वाले हैं। इस फिल्म के डायरेक्टर आदित्य सतपोतदार हैं।












Click it and Unblock the Notifications