Mukul Dev Death: 54 साल की उम्र में मुकुल देव का निधन, बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर
Mukul Dev Death: बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आ रही है। खबर है कि एक्टर मुकुल देव का निधन हो गया है। उन्होंने बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्मों जैसे 'सन ऑफ सरदार', 'आर...राजकुमार', 'जय हो' में शानदार अभिनय किया था।
54 साल की उम्र में मुकुल देव का निधन
न्यूज एजेंसी आईएएनएस की खबर के अनुसार 54 साल की उम्र में मुकुल देव ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि गत 23 मई 2025 (शुक्रवार) रात को एक्टर का निधन हो गया था।

मुकुल देव को दी जा रही श्रद्धांजलि
वहीं आज यानी 24 मई 2025 को दिवंगत एक्टर मुकुल देव के दोस्तों को जैसे ही उनके निधन की खबर पता चली तो चारों तरफ शोक की लहर दौड़ गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एक्टर के सभी सेलेब्स दोस्त उनके आखिरी दर्शन के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं। हालांकि अभी तक अभिनेता की मौत के कारण का पता नहीं चल पाया है। उनके दोस्तों और परिवार के बयान सहित आगे की जानकारी का इंतजार है।
एक्ट्रेस दीपशिखा नागपाल ने शेयर की ऐसी इंस्टा स्टोरी
वहीं मुकुल देव की दोस्त और को-एक्ट्रेस दीपशिखा नागपाल ने सोशल मीडिया पर इस खबर की पुष्टि की है और एक इंस्टा स्टोरी शेयर की है। इस इंस्टा स्टोरी में उन्होंने मुकुल देव की एक पुरानी तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा है- RIP।
मुकुल देव का शानदार एक्टिंग करियर
-जानकारी के अनुसार मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले मुकुल देव ने क्लास 8 में पढ़ते हुए ही एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एंट्री कर ली थी। उन्होंने दूरदर्शन द्वारा आयोजित एक डांस शो के लिए माइकल जैक्सन की नकल की थी और इसके लिए उन्हें पहली बार सैलरी भी मिली थी। आपको बता दें कि मुकुल देव इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी से प्रशिक्षित पायलट भी थे।
-मुकुल देव ने साल 1996 में शुरु हुए टीवी सीरियल 'मुमकिन' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था, जिसमें उन्होंने विजय पांडे की भूमिका निभाई थी। उन्होंने दूरदर्शन के कॉमेडी बॉलीवुड काउंटडाउन शो 'एक से बढ़ कर एक' में भी अभिनय किया था।
-मुकुल देव 'फियर फैक्टर इंडिया' सीजन 1 के होस्ट भी रह चुके थे। उन्होंने बॉलीवुड इंडस्ट्री में फिल्म 'दस्तक' से एंट्री की थी जिसमें उन्होंने एसीपी रोहित मल्होत्रा की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म से पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन ने भी डेब्यू किया था। मुकुल देव को आखिरी बार हिंदी फिल्म 'अंत द एंड' में देखा गया था। वह बॉलीवुड एक्टर राहुल देव के भाई थे।












Click it and Unblock the Notifications