Merry Christmas: 'मैरी क्रिसमस' का सस्पेंस भरा ट्रेलर रिलीज, रोंगटे खड़े कर देंगे कैटरीना कैफ-विजय सेतुपति
Merry Christmas Trailer Out: बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ और साउथ के फेमस एक्टर विजय सेतुपति की फिल्म 'मैरी क्रिसमस' इस समय सोशल मीडिया पर छाई हुई है। लोग बड़ी ही बेसब्री से इस फिल्म के रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि मेकर्स ने लोगों का उत्साह बढ़ाते हुए आज फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म का ट्रेलर लोगों को खूब पसंद आ रहा है। फिल्म के ट्रेलर को देखकर ये समझ में आ रहा है कि शुरुआत में जो कहानी एकदम रोमांटिक और परियों की दुनिया जैसी खूबसूरत लगती है, वह असल में फरेब और धोखे से भरी हुई है।
'मैरी क्रिसमस' का सस्पेंस से भरा ट्रेलर रिलीज
फिल्म 'मैरी क्रिसमस' के ट्रेलर में ओपनिंग सीन ही लोगों को हैरान कर रहा है। ट्रेलर में थ्रिल और सस्पेंस साफ नजर आ रहा है। ट्रेलर में देखा जा सकता है कि एक लड़की है, जो मिक्सी में गोलियां पीस रही है और दूसरी तरफ एक शख्स है, मिक्सी में शेक बना रहा है। इसके बाद का सीन आपके होश उड़ा सकता है। फिलहाल फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है।

तीन घंटे में कैटरीना-विजय सेतुपति को हो जाता है प्यार
फिल्म के ट्रेलर में एक आदमी के साथ एक छोटी बच्ची की परछाई नजर आती है। वो आदमी उस बच्ची से कहता है- जबसे ये दुनिया बनी है न, हम सब एक ही पल की तलाश में हैं और जब वो पल आता है तो समझ में आता है कि जैसे सैकड़ों साल से चलती हुई जिंदगी इसी पल के लिए थी। इसके बाद सीन कटकर कैटरीना कैफ और विजय सेतुपति पर आ जाता है। दोनों मिलते हैं और तीन घंटों में ही एक-दूसरे के साथ सुनहरा वक्त बिताने लगते है।
ट्रेलर में दिखा राजेश खन्ना वाला सीन
हालांकि इन तीन घंटों में विजय सेतुपति और कैटरीना कैफ की जिंदगी किस तरह से बदल जाती है और उनके साथ क्या-क्या खौफनाक होता है, वह आपके होश उड़ा सकता है। 'मैरी क्रिसमस' के ट्रेलर में एक राजेश खन्ना वाला सीन भी है। विजय सेतुपति को कैटरीना कैफ दो उंगलिया दिखाकर उनमें से कोई एक चुनने के लिए कहती हैं। विजय जब एक उंगली चुनते हैं तो कैटरीना अपने पास मौजूद माचिस की डिब्बी का कार्ड पलटती हैं, जिस पर राजेश खन्ना की तस्वीर छपी होती है। उस पर लिखा होता है- द नाइट इज डार्केस्ट बिफोर द डॉन।
12 जनवरी 2024 में रिलीज होगी 'मैरी क्रिसमस'
फिल्म के ट्रेलर में कैटरीना और विजय सेतुपति के बीच एक रोमांटिक किसिंग सीन भी है, जो उस वक्त का है, जब रात के 12 बजते ही वो साथ में क्रिसमस सेलिब्रेट करते हैं। 'मैरी क्रिसमस' एक थ्रिलर फिल्म है, जो कि कई ट्विस्ट और सस्पेंस से भरा हुआ है। ये फिल्म आगामी 12 जनवरी 2024 को रिलीज होगी। इस फिल्म से कैटरीना कैफ तमिल सिनेमा में डेब्यू कर रही हैं। वहीं ये विजय सेतुपति की तीसरी हिंदी फिल्म है।












Click it and Unblock the Notifications