Matka King Review: सपने, लालच और अंडरवर्ल्ड की दुनिया का मेल है 'मटका किंग', देखने से पहले पढ़ें ये रिव्यू

वेब सीरीज- मटका किंग (Matka King)
स्टारकास्ट- विजय वर्मा, साई ताम्हणकर, कृतिका कामरा, सिद्धार्थ जाधव
डायरेक्टर- नागराज मंजुले
ओटीटी प्लेटफॉर्म- अमेजन प्राइम वीडियो (Amazon Prime Video)
स्टार- *** (3/5)

Matka King Review: मुंबई... एक ऐसा शहर जो हर दौर में फिल्मकारों की कहानियों का केंद्र रहा है। खासकर जब बात अंडरवर्ल्ड, अपराध और जुए की हो तो ये शहर खुद एक किरदार बन जाता है। अब इसी पृष्ठभूमि को लेकर निर्देशक नागराज मंजुले, वेब सीरीज 'मटका किंग' के जरिए डिजिटल दुनिया में एक दमदार एंट्री करते हैं।

Matka King Review

आम आदमी के सपनों और देश की अर्थव्यवस्था पर बनी 'मटका किंग'
'सैराट' जैसी गहरी और सच्चाई से भरी फिल्म बनाने वाले मंजुले इस बार 60 से 70 के दशक के उस मटका जुए की दुनिया को सामने लाते हैं, जिसने आम आदमी के सपनों और देश की अर्थव्यवस्था, दोनों को प्रभावित किया था।

क्या है वेब सीरीज 'मटका किंग' की कहानी?

-वेब सीरीज 'मटका किंग' की कहानी बृज भट्टी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार विजय वर्मा ने निभाया है। एक साधारण कॉटन ट्रेडर, जो मुंबई की एक तंग चॉल में अपने परिवार के साथ संघर्ष भरी जिंदगी जी रहा है। उसके भीतर की कुंठा और इज्जत पाने की चाह तब विस्फोट करती है, जब उसका मालिक उसे अपमानित कर बाहर निकाल देता है।

-यहीं से बृज भट्टी एक नए खेल की शुरुआत करता है, जिसका नाम है 'मटका'। उसके साथ जुड़ते हैं डगडू (सिद्धार्थ जाधव), जो एक रहस्यमयी अतीत वाला पूर्व सैनिक है और गुलरुख (कृतिका कामरा), एक अमीर पारसी विधवा। ये तिकड़ी मिलकर ऐसा जाल बुनती है जिसमें आम आदमी उम्मीद और लालच के बीच फंसता चला जाता है।

Bhoot Bangla Review: 'भूत बंगला' में लौटा अक्षय कुमार का पुराना जादू, फैमिली एंटरटेनमेंट का पूरा पैकेज
Bhoot Bangla Review: 'भूत बंगला' में लौटा अक्षय कुमार का पुराना जादू, फैमिली एंटरटेनमेंट का पूरा पैकेज

-धीरे-धीरे बृज भट्टी दौलत और ताकत के शिखर पर पहुंचता है लेकिन इसके साथ ही उसकी जिंदगी बिखरने लगती है। रिश्ते टूटते हैं, भरोसे खत्म होते हैं और वह पुलिस व अंडरवर्ल्ड दोनों के निशाने पर आ जाता है। ये सिर्फ एक साम्राज्य खड़ा करने की कहानी नहीं बल्कि उसकी कीमत चुकाने की दास्तां है।

कैसी है वेब सीरीज 'मटका किंग'?

-'मटका किंग' की शुरुआत बेहद सहज और साधारण अंदाज में होती है लेकिन जैसे ही मटका का खेल कहानी में प्रवेश करता है, सीरीज रफ्तार पकड़ लेती है। शुरुआती एपिसोड्स तेजी से आगे बढ़ते हैं और दर्शकों को बांधकर रखते हैं। हालांकि मिड सेक्शन में कहानी थोड़ी बिखरी हुई महसूस होती है और कुछ सब-प्लॉट्स अनावश्यक रूप से खिंचते नजर आते हैं।

-जैसे-जैसे कहानी क्लाइमैक्स की ओर बढ़ती है, सीरीज फिर से अपनी पकड़ मजबूत कर लेती है। खासकर प्री-क्लाइमैक्स और क्लाइमैक्स एपिसोड्स में कहानी और किरदार दोनों अपने पूरे तेवर में नजर आते हैं।

राइटिंग और डायरेक्शन: दमदार सोच लेकिन अधूरी गहराई

-नागराज मंजुले का निर्देशन अपने खास अंदाज में नजर आता है लेकिन इस बार उनका स्क्रीनप्ले उतना कसाव नहीं दिखा पाता जितनी उनसे उम्मीद की जाती है। उन्होंने सामाजिक और आर्थिक पहलुओं को जरूर छुआ है लेकिन उन पर गहराई से काम नहीं किया गया।

-फिर भी सीरीज के कुछ डायलॉग्स बेहद असरदार हैं, जो सीधे दिल और दिमाग पर असर डालते हैं। जैसे- अमीर हो या गरीब, सबका पेट्रोल एक ही है-उम्मीद। ऐसे डायलॉग इस सीरीज को खास बनाते हैं।

तकनीकी पक्ष: पुरानी मुंबई को जीवंत करती शानदार विजुअल्स

-तकनीकी तौर पर 'मटका किंग' काफी मजबूत सीरीज है। सिनेमैटोग्राफर सुधाकर रेड्डी यक्कंती ने 60 से 70 के दशक की मुंबई को बेहद खूबसूरती से पर्दे पर उतारा है। भीड़भाड़ वाली गलियां, अंधेरे जुए के अड्डे और उस दौर की बारीकियां, सब कुछ बेहद वास्तविक लगता है।

-सेट डिजाइन और कॉस्ट्यूम्स भी उस समय को पूरी विश्वसनीयता के साथ पेश करते हैं। संगीतकार अमित त्रिवेदी का म्यूजिक उस दौर का एहसास तो देता है लेकिन ज्यादा देर तक याद नहीं रहता। हालांकि बैकग्राउंड स्कोर काफी प्रभावशाली है।

विजय वर्मा ने बांधा समां

-अगर इस वेब सीरीज की सबसे बड़ी ताकत की बात करें तो वह इसके लीड एक्टर विजय वर्मा का दमदार प्रदर्शन है। उन्होंने अपने किरदार के हर पहलू- संघर्ष, महत्वाकांक्षा और नैतिक पतन, को बखूबी निभाया है।

-साई ताम्हणकर ने बृज भट्टी की पत्नी के किरदार में शानदार काम किया है, जहां उनका मौन भी काफी कुछ कह जाता है। गुलशन ग्रोवर अपने खास अंदाज में प्रभाव छोड़ते हैं जबकि कृतिका कामरा और सिद्धार्थ जाधव भी अपने किरदारों में पूरी तरह फिट बैठते हैं। सपोर्टिंग कास्ट में जेमी लीवर, गिरीश कुलकर्णी और साइरस साहूकार जैसे कलाकार कहानी को और मजबूती देते हैं।

कहां देखें और क्यों देखें?

'मटका किंग' वेब सीरीज को आप ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो (Amazon Prime Video) पर देख सकते हैं। अगर आपको पुरानी मुंबई, अंडरवर्ल्ड की कहानियां और विजय वर्मा का दमदार अभिनय पसंद है तो ये सीरीज आपके लिए एक दिलचस्प अनुभव साबित हो सकती है।

दमदार एक्टिंग के साथ एक दिलचस्प पर अधूरी कहानी

कुल मिलाकर 'मटका किंग' एक ऐसी वेब सीरीज है जो अपने विषय और अभिनय के दम पर प्रभावित करती है लेकिन स्क्रीनप्ले की कमजोरियों के कारण पूरी तरह से यादगार नहीं बन पाती। फिर भी विजय वर्मा की शानदार एक्टिंग और पुरानी मुंबई का माहौल इसे एक बार जरूर देखने लायक बनाता है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+