Masoom Sawaal Movie Poster: फिल्म के पोस्टर पर सैनिटरी पैड के साथ दिखी भगवान श्रीकृष्ण की तस्वीर, मचा बवाल
नई दिल्ली, 03 अगस्त। पिछले कुछ वक्त से कई फिल्मों, पोस्टर्स और एड पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लग चुका है, जिसको लेकर कई बार तो काफी बवाल भी मचा है तो वहीं अब इस ताजा मामले में नाम जुड़ा है फिल्म 'मासूम सवाल' के पोस्टर का, जिसमें सैनिटरी पैड के साथ भगवान कृष्ण की तस्वीर नजर आ रही है। जैसे ही ये पोस्टर सामने आया सोशल मीडिया पर बवाल मच गया है। लोग फिल्म के डायरेक्टर, निर्माता और एक्टर्स पर बुरी तरह से भड़क गए हैं और इन सभी को लोगों से माफी मांगने को कह रहे हैं।
Recommended Video

'हमारा इरादा किसी को नुकसान पहुंचाने का नहीं था'
बवाल बढ़ता देख फिल्म के डायरेक्टर संतोष उपाध्याय ने अपनी सफाई पेश की है। उन्होंने कहा कि 'हमारा इरादा किसी को नुकसान पहुंचाने का नहीं था और ना ही हम किसी को हर्ट करना चाहते थे। ये फिल्म महिलाओं के मासिक धर्म पर आधारित है, जिसे लेकर आज भी लोगों के मन में बहुत सारी भ्रांतियां हैं, हर चीज को देखने का लोगों की अलग सोच और रवैया होता है।'

'एकमात्र उद्देश्य वर्जनाओं को तोड़ना है'
उन्होंने आगे कहा कि 'हमारी फिल्म का एकमात्र उद्देश्य वर्जनाओं को तोड़ना है। इस पीढ़ी में अंधविश्वास और कुरीतियों के लिए कोई जगह नहीं है जो महिलाओं पर बेवजह थोपी जाती हैं। हम दिखाना कुछ और चाह रहे थे लेकिन लोगों ने इसे गलत समझ लिया, अब इस फिल्म को प्रमोशन भी नहीं दिया जा रहा है।'

'किसी की भी भावनाओं को आहत नहीं करना चाहते'
तो वहीं इस फिल्म में वकील का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री ने एकावली खन्ना ने कहा कि 'वो इस बवाल के बारे में नहीं जानती हैं लेकिन उन्हें ये पता है कि फिल्ममेकर्स किसी की भी भावनाओं को आहत नहीं करना चाहते थे और ना ही वो कोई कंट्रोवर्सी पैदा करना चाहते हैं। ये फिल्म महिलाओं के उस समस्या पर आधारित हैं, जिसे लोगों ने अंधविश्वास से जोड़ दिया है। बाकी इससे ज्यादा मैं कुछ कह नहीं सकती हूं।'
फिल्म 5 अगस्त को रिलीज हो रही है
आपको बता दें कि इस फिल्म में नितांशी गोयल, शिशिर शर्मा, मधु सचदेव, रोहित तिवारी, वृंदा त्रिवेदी, रामजी बाली, शशी वर्मा लीड रोल प्ले कर रहे हैं। फिल्म 5 अगस्त को रिलीज हो रही है। फिल्म के जिस पोस्टर पर बवाल मचा है उसमें सेनिटरी पैड के साथ बहुत सारे कलाकारों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की भी फोटो है। इस फिल्म का निर्माण नक्षत्र 27 प्रोडक्ंशन की ओर से किया गया है और कमलेश मिश्रा फिल्म के लेखक हैं।












Click it and Unblock the Notifications