फिल्म इंडस्ट्री को एक और बड़ा झटका, जाने-माने स्क्रीनराइटर ने दुनिया को कहा अलविदा
नई दिल्ली, 23 अप्रैल: बॉलीवुड के साथ ही मलयालम सिनेमा के लिए भी ये साल काफी बुरा जा रहा है, जहां लगातार बड़ी हस्तियों के निधन की खबर सामने आ रही। शनिवार को मलयालम फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा, जहां जाने-माने स्क्रीनराइटर (पटकथा लेखक) जॉन पॉल का निधन हो गया। उनके निधन के बाद से फिल्म जगत में शोक की लहर है। परिवार के मुताबिक उनका अंतिम संस्कार 24 अप्रैल को किया जाएगा।

कई बीमारियों से ग्रसित
जानकारी के मुताबिक जॉन पॉल 72 साल के थे। पिछले दो महीनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी, जिस वजह से उनको कोच्चि के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां पर 23 अप्रैल को दोपहर 1 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। परिवार के मुताबिक वो कई बीमारियों से ग्रसित थे, जिस वजह से उनको रिकवर होने में दिक्कत हो रही थी।

100 से ज्यादा फिल्में लिखीं
वहीं जॉन पॉल ने 100 से ज्यादा मलयालम फिल्मों की पटकथा लिखी है और वो सबसे लोकप्रिय पटकथा लेखकों में से एक थे। उनकी कुछ प्रसिद्ध फिल्में मर्माराम, विदा परयूम मुनपे, यथरा, चामाराम, कथारियाथे, अस्त्रम, ओरमक्कायी, कथोडु कथोरम, पुरप्पाडु, ओरुक्कम, रंदम वरवु, चामयम, अक्षरम, कट्टाथे किलिक्कूडु और वेल्लाथुवल हैं।

सीएम ने की थी मदद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जॉन पॉल के अंतिम वक्त में उनके पास इलाज के पैसे नहीं थे, जिस वजह से उनके मित्रों और शुभचिंतकों ने एक पोस्ट शेयर कर उनके लिए मदद मांगी थी। इसके बाद केरल सरकार ने जॉन पॉल के इलाज के लिए 2 लाख रुपये की मदद राशि मुख्यमंत्री राहत कोष से जारी की। बाद में उनके कुछ फैन्स ने भी उनकी मदद की थी।

प्रोड्यूसर नारायण दास भी नहीं रहे
वहीं दूसरी ओर मंगलवार को साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री (Tollywood) के मशहूर प्रोड्यूसर नारायण दास नारंग का भी निधन हो गया था। वो 76 साल के थे। उनकी भी तबीयत काफी वक्त से खराब चल रही थी, जिस वजह से उनको हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां पर ही उन्होंने अंतिम सांस ली थी।












Click it and Unblock the Notifications