मीटिंग करने गए फिल्ममेकर महेश जीरावाला हुए गायब, अहमदाबाद प्लेन क्रैश के पास मिली आखिरी लोकेशन, मोबाइल बंद
12 जून 2025 को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बाद फिल्ममेकर महेश जीरावाला लापता हैं। शुरुआी जांच में पता चला है कि दुर्घटनास्थल से महज 700 मीटर की दूरी पर उनकी आखिरी लोकेशन मिली थी। विमान दुर्घटना के बाद से ही उनका फोन बंद है। पुलिस लगातार महेश की तलाश में जुटी है और उनके डीएनए भी टीम को सौंप दिए गए हैं, जिनका मिलान दुर्घटनास्थल से बरामद शवों से किया जाएगा।
महेश की पत्नी हेतल ने पीटीआई को बताया कि 12 जून को वो अहमदाबाद के लॉ गार्डन में एक मीटिंग के लिए गए थे। दोपहर 1 बजकर 14 मिनट पर उन्होंने बताया कि मीटिंग खत्म हो गई है और वे घर लौट रहे हैं। जब वे देर तक नहीं लौटे, तो पत्नी ने उन्हें फोन किया। लेकिन उनका नंबर बंद था।

कई घंटों तक महेश से संपर्क न होने और उनके घर न लौटने पर हेतल ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। जांच में पता चला कि महेश का मोबाइल ठीक 1 बजकर 40 मिनट पर बंद हुआ था, उसी समय विमान दुर्घटना हुई थी। उनकी कार भी कहीं नहीं मिली है।
दुर्घटनास्थल के पास मिली आखिरी लोकेशन
हेतल ने बताया कि महेश आमतौर पर उस रास्ते से नहीं आते थे, जहां हादसा हुआ। लेकिन उस दिन उनकी आखिरी लोकेशन विमान दुर्घटना की जगह से केवल 700 मीटर दूर थी। घटनास्थल पर कई गाड़ियां जलकर खाक हो गईं और कुछ लोग बुरी तरह झुलस गए। जिससे उनकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया। ऐसे में परिवार को आशंका है कि कहीं महेश भी इस हादसे का शिकार तो नहीं हो गए।
डीएनए मिलान से होगी पहचान
अब परिवार ने महेश का डीएनए सैंपल भेजा है, जिसे घटनास्थल के आसपास मिले शवों से मिलाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 12 जून को हुए एयर इंडिया के विमान हादसे में 241 यात्रियों सहित लगभग 275 लोग मारे गए थे, जिनमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे। अब तक लगभग 80 लोगों के डीएनए का मिलान हो चुका है, जिनके शव उनके परिवारों को सौंपे जा रहे हैं। महेश जीरावाला एक म्यूजिक वीडियो निर्देशक हैं।












Click it and Unblock the Notifications