Mahadev Online Betting Case: रणबीर कपूर को ईडी का समन, निशाने पर हैं 15 बॉलीवुड सेलेब्स, होगी पूछताछ
Mahadev Online Betting Case: बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर इस समय सुर्खियों में छाए हुए हैं। रणबीर कपूर की अपकमिंग फिल्म 'एनिमल' का टीजर कुछ दिनों पहले ही रिलीज किया गया था जिसे लोगों ने खूब पसंद किया है। लोगों को फिल्म में रणबीर कपूर का खूंखार अवतार बहुत ही ज्यादा दमदार लग रहा है। वहीं इसी बीच रणबीर कपूर को लेकर एक और बड़ी खबर सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आज यानी 4 अक्टूबर 2023 को रणबीर कपूर को समन जारी किया है। उन्हें 6 अक्टूबर 2023 को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। दरअसल ये मामला 'महादेव बुक ऑनलाइन लॉटरी' के मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हुआ है।
महादेव ऑनलाइन गेमिंग मामले में 15 सितारे ईडी की रडार में
आपको बता दें कि इस ऑनलाइन बेटिंग ऐप के फेर में बॉलीवुड के 15 सितारे इस समय ईडी की रडार पर हैं। कुछ हफ्ते पहले इस केस में टाइगर श्रॉफ से लेकर सनी लियोनी, नेहा कक्कड़ और राहत फतेह अली खान जैसे कलाकारों के नाम सामने आए थे। अब मामले में जांच आगे बढ़ते ही बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट के पति एक्टर रणबीर कपूर से जल्द पूछताछ होगी।

रणबीर कपूर को भेजा गया है समन
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ईडी की रडार में मौजूद सभी स्टार्स दुबई में 200 करोड़ रुपए की एक ग्रैंड शादी में शामिल होने के बाद से मुश्किल में फंस गए हैं। अवैध सट्टेबाजी के इस मामले में अब ईडी ने बड़ा कदम उठाते हुए धीरे-धीरे सभी बॉलीवुड सेलेब्स को समन भेजना शुरू कर दिया है। इनमें सबसे पहला नाम रणबीर कपूर का सामने आया है। फिलहाल रणबीर कपूर को ईडी ने आगामी 6 अक्टूबर 2023 को पूछताछ के लिए बुलाया है।
प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की ग्रैंड शादी
खबर है कि इस पूछताछ में रणबीर कपूर से दुबई की लग्जीरियस शादी में शामिल होने, परफॉर्म करने, पेमेंट लेने को लेकर कई तरह के सवाल किए जा सकते हैं। वहीं बीते महीने ईडी ने कई शहरों में छापेमारी की थी। इस छापेमारी में 417 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम बरामद हुई थी। ये मामला तब सामने आया था जब महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की शादी की जानकारी और एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
दुबई में हुई शादी में पहुंचे थे बॉलीवुड सेलेब्स
महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ने फरवरी 2023 में सयुंक्त अरब अमीरात (यूएई) में बहुत ही शानदार तरीके से शादी की थी। इस शादी में उन्होंने 200 करोड़ रुपये से भी ज्यादा पैसे खर्च किए थे। इस ग्रैंड वेडिंग में कई बॉलीवुड हस्तियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई थी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस शादी में शामिल होने वाले सेलेब्स में नुसरत भरूचा, कृष्णा अभिषेक, अली असगर, विशाल ददलानी, पुलिकत सम्राट, नेहा कक्कड़, एली अवराम, भारती सिंह, सनी लियोनी, भाग्यश्री, आतिफ असलम, टाइगर श्रॉफ, राहत फतेह अली खान, कृति खरंबदा और रणबीर कपूर का नाम है।
सेलेब्स को हवाला के जरिए करोड़ों का भुगतान
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर की शादी में कई बॉलीवुड सिंगर्स, एक्टर्स और बिजनेसमैन शामिल हुए थे। ग्रैंड शादी का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था उसमें कई सेलेब्स साफ नजर आ रहे थे। रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया था कि इन सेलेब्स को हवाला के जरिए करोड़ों का भुगतान किया गया था। अब ईडी इसी पेमेंट को लेकर सभी लोगों से जल्द ही पूछताछ करने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications