सिद्धार्थ शुक्ला के लिए परिवार ने आज रखी प्रार्थना सभा, जूम मीटिंग के जरिए भी अटैंड हो सकते हैं लोग
मुंबई, सितंबर 06। एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला के निधन के बाद से ना सिर्फ टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है, बल्कि बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां भी सिद्धार्थ की मौत से गहरे सदम में हैं। 40 साल के इस एक्टर की गुरुवार को हार्ट अटैक पड़ने की वजह से मौत हो गई थी। अगले दिन शुक्रवार को सिद्धार्थ के शव का अंतिम संस्कार मुंबई के ओशिवारा स्थित श्मशान घाट में किया गया था। सिद्धार्थ के करीबियों के लिए ये वक्त बहुत मुश्किल है। ऐसे में सिद्धार्थ की आत्मा की शांति के लिए सोमवार को एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया जा रहा है।

आज शाम 5 बजे आयोजित होगी प्रार्थना सभा
इसकी जानकारी टीवी एक्टर करणवीर बोहरा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दी है। उन्होंने एक पोस्ट के जरिए कहा है कि आज शाम 5 बजे विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा। इस प्रार्थना सभा का आयोजन बीके योगिनी दीदी के द्वारा किया जाएगा। सिद्धार्थ की बहन शिवानी और ब्रह्मा कुमारी दिवंगत अभिनेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करेंगी। करणवीर बीहरा ने अपनी पोस्ट में जूम का एक लिंक भी शेयर किया है, जिसके जरिए कोई भी उस प्रार्थना सभा को ऑनलाइन देख सकता है।

करणवीर ने अपनी पोस्ट में क्या लिखा?
करणवीर ने अपनी पोस्ट में लिखा है, "आइए हम सब आज शाम 5 बजे अपने दोस्त #सिद्धार्थशुक्ल के लिए विशेष प्रार्थना करते हैं, जो उनकी मां #रीताआंटी और उनकी बहनों #नीतू और #प्रीति #shivanididi @brhamakumaris_bk #seeyouagain द्वारा आयोजित की जा रही है।"

सिद्धार्थ के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे ये लोग
करणवीर की इस पोस्ट को देख फैंस एकबार फिर से भावुक हुए हैं। उनकी पोस्ट पर यूजर्स के कमेंट आ रहे हैं। हर कोई सिद्धार्थ के परिवार को हिम्मत बनाए रखने के लिए कह रहा है। सिद्धार्थ की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनकी अंतिम यात्रा में उनके फैंस की भारी भीड़ भी दिखाई दी थी। सिद्धार्थ के पार्थिव शरीर को कूपर अस्पताल से लेकर श्मशान घाट तक फूलों से सजी हुई एंबुलेंस में ले जाया गया था। सिद्धार्थ के अंतिम संस्कार में उनके परिवार के अलावा उनकी कथित गर्लफ्रेंड शहनाज गिल और टीवी इंडस्ट्री के उनके कई दोस्त शामिल हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications