Kapil Sharma Show: कपिल ने करण से पूछा गर्लफ्रेंड के बारे में तो बोले सनी-'शर्माते-शर्माते सब कर लिया '
मुंबई, 28 नवंबर। सोनी टीवी के चर्चित शो द कपिल शर्मा का रोमांच पूरे शबाब पर है। हर हफ्ते इस शो में सितारों के आने का सिलसिला जारी है और इसी क्रम में इस हफ्ते बॉलीवुड में अपनी फिल्मों से गदर मचाने वाले एक्टर-सांसद सनी देओल अपने बेटे करण के साथ शो में मेहमान बनकर आने वाले हैं। ये दोनों आने वाली फिल्म 'वेले' का प्रमोशन करेंगे, जिसमें करण देओल अपने चाचा अभय देओल के साथ नजर आने वाले हैं। सोनी टीवी ने शो का प्रोमो रिलीज कर दिया है, जो कि काफी मजेदार है, जिसने एक बार फिर से शो के प्रति लोगों की दिलचस्पी को बढ़ा दिया है।

कपिल ने करण से पूछा मजेदार सवाल
प्रोमो की शुरुआत में करण देओल अपने दोनों साथियों सांवत सिंह प्रेसी और विशेष तिवारी के साथ शो में एंट्री मारते हैं। जिनका जोरदार स्वागत करते हुए कपिल शर्मा करण से सवाल करते हैं कि आपके घर में आपके पापा, आपके चाचा और आपके दादा तीनों ही कमाल के एक्टर हैं, ऐसे में आप किसको डांस में फॉलो करते हैं।

सनी ने किया 'यारा हो यारा' पर डांस
जिसे सुनते ही करण हंसने लगते हैं और ऐसे में सनी की चिरपरिचित अंदाज में स्टेज में धमाकेदार एंट्री होती है और वो कहते हैं कि आखिर कोई नाच सकता है मेरे जैसा? और इसके बाद वो अपने लोकप्रिय गीत 'यारा हो यारा' पर नाचकर दिखाते हैं।

'हमारी उम्र में तो शर्माते-शर्माते सब कर लिया था'
इसके बाद कपिल फिर करण से पूछते हैं कि 'क्या करण आपने अपनी गर्लफ्रेंड के बारे में सनी को बताया था? इस पर करण हंसते हुए बोलते हैं कि 'हां', इस पर कपिल फिर पूछते हैं कि 'आपने खुद बताया या पकड़े गए थे? इस पर सनी देओल बहुत तेज से हंसने लगते हैं और फिर कहते हैं कि 'मुझे इतना पता नहीं था। जब पता चला था तो मैं....वो होता है ना कि हमारी उम्र में तो शर्माते-शर्माते सब कर लिया था।' इतना सुनते ही कपिल-अर्चना समेत शो में मौजूद हर कोई ठहाके लगाकर हंसने लगता है।
फिल्म 'वेले' में करण-अभय की जोड़ी
प्रोमों में और भी मजेदार चीजें दिखाई गई हैं, जिन्हें देखने के बाद अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस बार का शो काफी धमाकेदार और वजनदार होने वाला है। मालूम हो कि 10 दिसंबर को रिलीज होने वाली फिल्म 'वेले' में करण-अभय के अलावा सावंत सिंह प्रेमी, विशेष तिवारी, अनन्या सिंह और मौनी रॉय जैसे सितारे हैं। फिल्म के निर्देशक देवेन मुंजाल हैं। फिल्म क्राइम कॉमेडी-ड्रामा है। ये करण की दूसरी फिल्म है, इससे पहले वो 'पल-पल दिल के पास' में नजर आ चुके हैं, जो कि असफल रही थी।












Click it and Unblock the Notifications