कंगना बोलीं- पद्म पुरस्कार समारोह में करण जौहर को ढूंढ़ रही थी, मिल जाते तो...
मुंबई, 11 नवंबर: फिल्म एक्ट्रेस कंगना रनौत को हाल ही में पद्मश्री अवॉर्ड मिला है। अपनी फिल्मों के साथ-साथ विवादित बयानों को लेकर भी कंगना चर्चा में रहती हैं। करण जौहर समेत कई फिल्मी हस्तियों को लेकर वो अलग-अलग मौकों पर काफी तीखे बयान चुकी हैं। कथित तौर पर नफरत भरी भाषा का इस्तेमाल करने को लेकर उनको ट्विटर पर बैन भी किया जा चुका है। कंगना ने टाइम्स नाउ के एक कार्यक्रम में इन सब सवालों पर जवाब दिए हैं।

करण को तो मैं ढूंढ़ रही थी
कंगना और करण जौहर के रिश्ते अच्छे नहीं माने जाते। कई बार कंगना ने करण पर शब्दों से हमले किए हैं और उनको मूवी माफिया तक कहा है। हाल ही में दोनों को पद्म पुरस्कार मिला है। टाइम्स नाउ के कार्यक्रम में करण जौहर से कड़वे रिश्तों को लेकर हुए सवाल पर कंगना ने कहा, एक समय बॉलीवुड में उनके व्यक्तित्व को लेकर उन्हें नीचा दिखाया जाता था लेकिन अब उसी चीज के लिए सम्मान मिल रहे हैं। उन्होंने करण जौहर को लेकर तंज कसते हुए कहा कि पद्म अवॉर्ड्स सेरिमनी में मैं उनको ढूंढ़ रही थी लेकिन वह नहीं दिखे। अगर दिखते तो वह करण से जरूर बात करतीं।

आयोजक नहीं चाहते थे हम मिलें
कंगना ने कहा, लगता है कि आयोजकों ने ये सुनिश्चित किया था कि हम ना मिल सकें। हमारी सेरिमनी अलग-अलग वक्त पर हुईं। मुझे ऐसा लगता है कि हम दोनों को एक-दूसरे से अलग रखने के लिए उन्होंने अलग-अलग टाइम रखा गाया था।

करण से करती ये बात
कंगना से जब पूछा गया कि करण से उनको क्या बात करनी थी। तो उन्होंने कहा, मैं उनसे बातचीत करती। दो लोगों के बीच मतभेद हो सकते हैं, असहमति और विवाद का मतलब यह कतई नहीं है कि आप को-एग्जिस्टेंस में विश्वास ना रखें।

अपनी शादी पर भी की बात
कंगना रनौत ने अपने निजी जीवन को लेकर भी खुलासे किए। उन्होंने कहा कि आने वाले 5 साल में वह शादी करने और मां बनने को लेकर योजना बना रही हैं और इस बारे में लोगों को जल्द ही पता चलेगा। हालांकि उन्होंने इस पर अभी ज्यादा बात करने से इनकार कर दिया।

पीएम मोदी की तारीफों के बांधे पुल
कंगना रनौत ने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार का ही ये कमाल है कि अब भारतीयों को अपने देश पर गर्व का अनुभव हो रहा है। कंगना ने ट्विटर बैन को लेकर कहा कि मुनाफे के लिए काम करने वाली एक कंपनी के उन्हें बैन करने से कोई फर्क नहीं पड़ता और ऐसे बैन उन्हें अच्छे ही लगते हैं।

इन हस्तियों को मिला है पद्म पुरस्कार
बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत और करण जौहर को सोमवार को नई दिल्ली में पद्म श्री अवार्ड से सम्मानित किया गया। दिल्ली राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह में इनके अलावा, गायक अदनान सामी, बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु समेत 119 लोगों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications