'मालदीव का टूरिज्म नहीं कम होगा', कंगना रनौत ने दिया विवादित बयान, पीएम मोदी पर की टिप्पणी
Kangana Ranaut On Maldives Controversy: प्रधानमंत्री नरेंद्री मोदी की लक्षद्वीप ट्रिप की जब से फोटो वायरल हुई है तो सोशल मीडिया पर बवाल मच गया। खासतौर से जब से मालदीव के कुछ मंत्रियों ने पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी की। तब से सोशल मीडिया पर मालदीव के बजाय लक्षद्वीप में टूरिज्म को बढ़ावा देने की बहस छिड़ गई है। इस मामले में बॉलीवुड सेलेब्स भी पीएम मोदी का खुलकर सपोर्ट कर रहे हैं। वहीं बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने इस बीच अजीबो-गरीब बयान दिया।
बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत हर मुद्दे पर अपनी खुलकर राय देती हैं। कितना भी बड़ा विवाद हो एक्ट्रेस बिना झिझक के अपनी बात रखती हैं। जहां सभी बॉलीवुड सेलेब्स लक्षद्वीप और मालदीव मामले में राय रख रहे हैं वहीं कंगना ने कुछ ऐसा कह दिया जिसे सुनकर आप भी दंग रह जाएंगे।

दरअसल, ई-टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कंगना रनौत ने पर्यटकों को लक्षद्वीप को बढ़ावा देने की बात कही। एक्ट्रेस ने कहा कि, 'इन सबसे मुझे लगता है कि यह केवल कल्पना है कि इससे मालदीव के टूरिज्म पर कोई फर्क पड़ेगा। अगर लोग कश्मीर घूमने जाते हैं तो इसका मतलब ये नहीं कि वह लोग मनाली नहीं जाएंगे। लोग आज के दौर में एक्सप्लोर करना चाहते हैं तो इससे कहीं का टूरिज्म नहीं घटने वाला है। ये इंस्टाग्राम का दौर है लोग हर जगह जाना चाहते हैं।'
कंगना रनौत ने आगे पीएम मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि, 'हमारे पीएम मोदी जी केवल लक्षद्वीप को बढ़ावा दे रहे हैं और भारत में पर्यटन बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मालदीव के लोग को इस बात का लाइसेंस मिल गया कि वह किसी भी जगह को गंदगी से भरा या बदबूदार बताएंगे। मुझे लगता है कि हमारा भारत काफी सुंदर है और यहां कई सारी खूबसूरत जगहें हैं।'
कंगना रनौत के वर्कफ्रंट की बात करें तो, उन्हें आखिरी बार फिल्म तेजस में देखा गया था। जो कि पिछले साल 2023 में रिलीज हुई थी। हालांकि फिल्म को खास रिस्पॉन्स नहीं मिला। अब वह जल्द ही अपनी अगली फिल्म इमरजेंसी में नजर आएंगी। जिसमें एक्ट्रेस भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका में नजर आएंगी। फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट को लेकर मेकर्स की तरफ से कोई जानकारी सामने नहीं आई है।












Click it and Unblock the Notifications