Kangana Ranaut News: कंगना रनौत की मुसीबत बढ़ी! चंडीगढ़ कोर्ट ने Emergency के खिलाफ जारी किया नोटिस
Kangana Ranaut Emergency Film Notice: कंगना रनौत की आगामी फिल्म इमरजेंसी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। चंडीगढ़ की एक अदालत ने अभिनेत्री और निर्देशक कंगना रनौत को सिख समुदाय से जुड़े विवादित मुद्दों पर नोटिस जारी किया है।
अधिवक्ता रविंदर सिंह बस्सी द्वारा दायर एक याचिका में दावा किया गया है कि कंगना की इस फिल्म में सिख समुदाय की छवि को खराब करने की कोशिश की गई है। आरोप है कि फिल्म में सिखों के खिलाफ झूठे आरोप लगाए गए हैं, जिससे समुदाय को कलंकित करने की कोशिश की गई है। इसी के आधार पर अदालत ने कंगना को नोटिस जारी किया है, जिससे उनकी फिल्म की रिलीज़ में एक और बाधा उत्पन्न हो गई है।

आपको बता दें कि यह फिल्म भारत के आपातकाल (Emergency) के समय की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जो दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा 1975 में लागू किया गया था।
शिरोमणि अकाली दल का आरोप
इस विवाद के कुछ दिन पहले, शिरोमणि अकाली दल ने भी कंगना और उनकी फिल्म पर सिख समुदाय को गलत तरीके से प्रस्तुत करने और ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया था। यह मामला तब और गंभीर हो गया जब इस राजनीतिक पार्टी ने फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
कंगना की प्रतिक्रिया
कंगना रनौत ने मीडिया के समक्ष कहा कि यह हमारा इतिहास है जिसे जानबूझकर छिपाया गया है। हमें इसके बारे में नहीं बताया गया है। कंगना का कहना है कि उनकी फिल्म का मकसद ऐतिहासिक तथ्यों को सही तरीके से पेश करना है और उन्होंने दावा किया कि फिल्म की निगरानी चार इतिहासकारों ने की है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी फिल्म को सेंसर बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है और इसमें कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है।
कंगना ने आगे कहा, कुछ लोग भिंडरावाले को संत या नेता कहते हैं, जबकि वह कोई संत नहीं थे, जो AK-47 लेकर मंदिर में बैठे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें इस फिल्म के लिए धमकियाँ भी मिली हैं, लेकिन वह अपने विचारों पर अडिग हैं।
फिल्म की रिलीज़
कंगना की फिल्म इमरजेंसी पहले 6 सितंबर को रिलीज़ होने वाली थी, लेकिन इन विवादों के चलते इसकी रिलीज़ में देरी हो रही है। हालांकि, कंगना का कहना है कि उनकी फिल्म रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है और इसे सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट मिल चुका है।












Click it and Unblock the Notifications