वीकेंड पर कमल हासन ने चलाया जादू, 100 करोड़ के क्लब में शामिल हुई फिल्म 'विक्रम'
कमल हासन की फिल्म 'विक्रम' को केवल देश में ही नहीं वर्ल्ड वाइड भी बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और वह 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो चुकी है।
मुंबई, 06 जूनः कमल हासन की फिल्म 'विक्रम' गत 3 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी जिसनें वीकेंड पर ही धमाल मचा दिया है। फिल्म 'विक्रम' ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त ओपनिंग की और फिर वीकेंड पर भी यही सिलसिला बरकरार रखा। आपको बता दें कि फिल्म 'विक्रम' में कमल हासन के साथ साथ साउथ के मशहूर एक्टर विजय सेतुपति और फहाद फासिल भी अहम रोल में हैं। वहीं कमल हासन की फिल्म 'विक्रम' के साथ ही शुक्रवार को बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार की फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' ने भी सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। हालांकि अक्षय कुमार की इस फिल्म से जितनी उम्मीदें की जा रही थीं अभी तक उसका प्रदर्शन वैसा नहीं रहा। ऐसे में 'विक्रम' के शानदार कलेक्शन ने 'सम्राट पृथ्वीराज' की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जानकारी के अनुसार फिल्म 'विक्रम' को केवल देश में ही नहीं वर्ल्ड वाइड भी बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और वह 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो चुकी है।

साउथ में बनीं बिगेस्ट हिट
दक्षिण भारतीय फिल्मों के समीक्षकों ने फिल्म विक्रम को अच्छे रिव्यूज दिए हैं। इसकी कहानी से लेकर एक्टर्स के अभिनय तक की काफी तारीफें हो रही हैं। इसी बीच फिल्म विक्रम 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो चुकी है। फिल्म के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो यह 150 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। इंडस्ट्री ट्रैकर श्रीधर पिल्लई ने ट्वीट कर बताया- विक्रम यूनिवर्सल हिट हो गई है। कमल हासन के एक्शन से सजी और निर्देशक लोकेश कनगराज की फिल्म ने 150 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर लिया है। अकेले भारत में इस फिल्म ने 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है। कोरोना पैनडेमिक के बाद यह साउथ की बिगेस्ट हिट साबित हुई है।
हिंदी वर्जन की धीमी कमाई
आपको बता दें कि फिल्म विक्रम को तेलुगू, तमिल, हिंदी और मलयालम भाषा में रिलीज किया गया है। हालांकि फिल्म के हिंदी वर्जन का कलेक्शन ज्यादा अच्छा नहीं रहा है। ट्रेड एनालिस्ट के मुताबिक- कमल हासन की फिल्म विक्रम का हिंदी वर्जन 3 दिन में 2 करोड़ ही जुटा पाई है। विक्रम को हिंदी भाषी क्षेत्रों में बहुत प्रमोशन नहीं किया गया। अगर ऐसा होता तो इसका कलेक्शन और भी बढ़ सकता था।












Click it and Unblock the Notifications