'तुम बहुत सुंदर हो, मन करता है कि पकड़ कर चूम लूं...', तारक मेहता वाली एक्ट्रेस जेनिफर बंसीवाल ने सुनाई आपबीती
Jennifer Mistry Bansiwal: टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में काम करने के 15 सालों बाद एक्ट्रेस जेनिफर मिस्त्री बंसीवाल ने शो को छोड़ दिया है।

Jennifer Mistry Bansiwal on Sexual Harassment: टीवी का सबसे मशहूर शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' इन दिनों चर्चाओं में है। तारक मेहता का उल्टा चश्मा में मिसेज रोशन सोढ़ी का किरदार निभाने वाली जेनिफर मिस्त्री बंसीवाल ने 15 साल तक शो में काम करने के बाद शो को छोड़ दिया है। जेनिफर बंसीवाल ने शो के निर्माता असित कुमार मोदी (Asit Kumarr Modi ) पर मानसिक और यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के निर्माता असित कुमार मोदी पर आरोप लगाने के अलावा जेनिफर ने आरोप लगाया है कि शो के प्रोजेक्ट हेड सोहेल रमानी और कार्यकारी निर्माता जतिन बजाज ने भी उनके साथ अभद्र व्यवहार किया है। हालांकि असित मोदी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा है कि वह जेनिफर बंसीवाल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।
जेनिफर बंसीवाल की आपबीती
अब जेनिफर बंसीवाल ने आजतक को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में आपबीती सुनाई है। जेनिफर बंसीवाल ने कहा है कि उन्होंने निर्माता असित मोदी के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। जेनिफर बंसीवाल ने कहा कि असित मोदी ने मौके का फायदा उठाने की कोशिश की और कई बार उन्हें असहज महसूस कराया है।
जेनिफर बंसीवाल बोलीं, ''शुरुआत से ही असित जी कहते थे कि तुम बहुत अच्छी लग रही हो। इसके बाद वह बार-बार मुझे अपने साथ व्हिस्की (शराब) पीने के लिए कहते थे। हालांकि पहले वो मजाक में कहते थे। लेकिन 2019 में चीजें बदल गईं जब हमारी पूरी टीम सिंगापुर गई। इस यात्रा के दौरान असित ने मुझे उनके कमरे में व्हिस्की पीने के लिए बुलाया। उनकी यह बात सुनकर मैं हैरान रह गई।''

जेनिफर बंसीवाल ने आगे कहा, ''फिर एक दिन बाद असित ने मुझे कहा, 'तुम बहुत सुंदर लग रही हो, मन करता है कि तुम्हें पकड़ कर चूम लूं। यह सुनकर मैं डर से कांपने लगी।''
जेनिफर बंसीवाल ने कहा, ''मैंने अपने दो सहयोगियों को इस बारे में बताया। एक ने असित मोदी की खिंचाई की जबकि दूसरे ने उनके सामने मुझे बचाने की कोशिश की। एक बार असित मोदी ने कहा था, 'अगर रात को रूम पार्टनर नहीं है तो मेरे रूम में आकर व्हिस्की पी लो। जब ऐसा नहीं लगा कि चीजें उनके हिसाब से चल रही हैं, तो उन्होंने मुझे कम स्क्रीन स्पेस देना शुरू कर दिया था।'
असित कुमार मोदी ने क्या कहा?
आजतक के मुताबिक असित मोदी ने कहा कि वह जेनिफर बंसीवाल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे क्योंकि वह उन्हें और शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जेनिफर बंसीवाल ने उनके और शो के निर्माताओं के खिलाफ बेबुनियाद और झूठे आरोप लगाए हैं।
दूसरी ओर सोहेल रमानी और जतिन बजाज ने बताया कि तारक मेहता का उल्टा चश्मा के सेट पर जेनिफर सभी के साथ दुर्व्यवहार करती थीं। उन्होंने जिक्र किया कि उन्हें जेनिफर बंसीवाल का कॉन्ट्रैक्ट खत्म करना पड़ा क्योंकि सेट पर उसका व्यवहार खराब था। दोनों ने पुष्टि की कि उन्होंने पहले ही शिकायत दर्ज कर ली है।












Click it and Unblock the Notifications