Javed Akhtar Defamation Case: कंगना रनौत ने मुंबई कोर्ट से बहन का बयान दर्ज करने का किया आग्रह
कंगना रनौत ने गीतकार जावेद अख्तर द्वारा दायर मानहानि शिकायत मामले में मुंबई की एक अदालत से उनकी बहन रंगोली चंदेल का बयान दर्ज करने का अनुरोध किया है।
मुंबई, 30 जुलाई: बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने गीतकार जावेद अख्तर द्वारा दायर मानहानि शिकायत मामले में मुंबई की एक अदालत से उनकी बहन रंगोली चंदेल का बयान दर्ज करने का अनुरोध किया है। कंगना रनौत ने गत शुक्रवार को मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट आर. आर. खान के समक्ष अपने वकील रिजवान सिद्दीकी के माध्यम से याचिका दायर की है। कोर्ट ने मामले को 11 अगस्त के लिए आदेश के लिए रखा है। पिछले महीने, कंगना रनौत मेट्रोपालिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश हुईं थी। उन्होंने मामले में खुद को निर्दोष बताया था।

साल 2020 में अदालत में दर्ज की गई थी शिकायत
जावेद अख्तर ने नवंबर 2020 में अदालत में एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि कंगना रनौत ने टेलीविजन पर प्रसारित एक इंटरव्यू के दौरान उनके खिलाफ मानहानिकारक बयान दिए थे, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को कथित तौर पर नुकसान पहुंचा है। अपनी शिकायत में जावेद अख्तर ने ये दावा किया कि बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की कथित आत्महत्या के बाद इंडस्ट्री में मौजूद एक गुट का जिक्र करते हुए कंगना रनौत ने उस इंटरव्यू में उनका नाम घसीटा था। कंगना रनौत ने मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट अदालत के सामने जावेद अख्तर के खिलाफ कथित 'जबरन वसूली और आपराधिक धमकी' के लिए अदालत में एक जवाबी शिकायत भी दायर की थी।
कंगना ने जावेद अख्तर पर धमकी देने का लगाया था आरोप
कंगना रनौत ने जावेद अख्तर के खिलाफ अपनी शिकायत में कहा कि उनके सह-कलाकार के साथ उनके सार्वजनिक विवाद के बाद, गीतकार ने उन्हें और उनकी बहन रंगोली को 'दुर्भावनापूर्ण इरादों और गुप्त उद्देश्यों के साथ अपने घर बुलाया था और फिर उन्हें आपराधिक रूप से धमकाया था आपको बता दें कि कंगना की शिकायत के अनुसार, जावेद अख्तर ने उन्हें अपने सह-कलाकार से लिखित माफी मांगने के लिए मजबूर भी करवाया था।












Click it and Unblock the Notifications