Indian Idol 12 Winner: पवनदीप राजन ने अपने नाम की 'इंडियन आइडल 12' की ट्रॉफी, इनामों की हुई बारिश
मुंबई, 16 अगस्त। मशहूर सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल 12' के विजेता के नाम से आज पर्दा उठ गया। रविवार को टेलीविजन इतिहास में लगातार 12 घंटे तक चलने वाले ग्रैंड फिनाले में शो के कंटेस्टेंट समेत अन्य बॉलीवुड दिग्गज सिंगरों ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा। फिलाने में ट्रॉफी के लिए टॉप 6 कंटेस्टेंट्स, पवनदीप राजन, अरुणिता कांजीवाल, शनमुखाप्रिया, मोहम्मद दानिश, निहाल टोरो और सायली कांबले के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। हालांकि पब्लिक वोटिंग के आधार पर पवनदीप राजन को 'इंडियन आइडल 12' का विनर घोषित किया गया। इनाम के तौर पर पवनदीप राजन को 25 लाख रुपए नकद के साथ-साथ मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार और म्यूजिक इंडस्ट्री में एक एल्बम की रिकॉर्डिंग का कॉन्ट्रैक्ट भी मिला है।

विवादों में रहा सीजन 12
कोरोना काल में शुरू हुआ इंडियन आइडल का सीजन 12 काफी विवादों में रहा। दिग्गज सिंगर किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार का आरोप हो या कंटेस्टेंट्स के बीच का लव एंगल, ऐसे कई मुद्दों को लेकर इंडियन आइडल 12 सुर्खियों में छाया रहा। आपको बता दें कि एक एपिसोड में स्पेशल गेस्ट बनकर आए अमित कुमार ने मेकर्स पर आरोप लगाया था कि उन्हें कंटेस्टेंट्स की झूठी तारीफ करने को कहा गया था। अमित कुमार के इस आरोप पर आदित्य कुमार ने पलटवार भी किया था, जिसे लेकर कई दिनों तक मामला सुर्खियों में छाया रहा।

कई बार बदले शो के जज
'इंडियन आइडल 12' अपने जजों को लेकर भी इस साल काफी चर्चा में रहा। शो की शुरुआत में सिंगर नेहा कक्कड़, हिमेश रेशमिया और विशाल ददलानी कंटेस्टेंट्स को जज करते नजर आए लेकिन फिनाले तक के सफर में कई और चेहरों को भी जज की कुर्सी पर बैठा देखा गया। पर्सनल रीजन की वजह से नेहा कक्कड़ और विशाल ददलानी के शो छोड़ने के बाद एक बार फिर जज की कुर्सी पर अनु मलिक की वापसी हुई। वही, मनोज मुंतशिर और नेहा कक्कड़ की बहन सोनू कक्कड़ भी शो को जज करते नजर आए।

कंटेस्टेंट्स के बीच की लव स्टोरी
'इंडियन आइडल 12' में इस बार दर्शकों को कंटेस्टेंट्स के बीच लव एंगल का तड़का भी देखने को मिला। पूरे सीजन पवनदीप और अरुणिता के बीच की लव स्टोरी ने काफी सुर्खियां बंटोरी। हालांकि ग्रैंड फिनाले से ठीक पहले दोनों ने अपने रिश्ते की संच्चाई की बयां किया और कहा कि वह सिर्फ अच्छे दोस्त हैं। इनके अलावा निहाल टोरो और सायली कांबले के अफेयर को लेकर भी काफी चर्चा रही। फिनाले से पहले एक इंटरव्यू में सायली कांबले ने कहा कि वह मेरा भाई है, उसके साथ होती हूं तो बड़ी बहन वाली फीलिंग आती है।

वायरल हुई पवनदीप राजन की फेक फोटो
'इंडियन आइडल 12' फिनाले से पहले ही शो के विजेता को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। इस बीच रविवार को ट्रॉफी और विनिंग चेक के साथ पवनदीप राजन की एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई। दावा किया गया कि पवनदीप ने 'इंडियन आइडल 12' की ट्रॉफी जीत ली है। हालांकि यह फोटो पूरी तरह से फेक थी, इसे एडिट करके इंटरनेट पर पोस्ट किया गया था।

कौन हैं पवनदीप राजन?
इंडियन आइडल 12 की ट्रॉफी अपने नाम करने वाले पवनदीप राजन का जन्म उत्तराखंड में हुआ है। वह बचपन से ही पहाड़ी म्यूजिक से प्रभावित थे, उनकी सिंगिंग में भी क्षेत्रयी गीत की झलक देखने को मिलती है। वह अपनी मधुर आवाज के साथ-साथ कई तरह के म्यूजिक इंस्ट्रयुमेंट्स बजाना जानते हैं। शो में कई बार उन्हें अलग-अलग इंस्ट्रयुमेंट्स के साथ परफॉर्म करते देखा गया है। पवनदीप साल 2015 में 'द वाइस' का खिताब भी अपने नाम कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें: इंडियन आइडल फिनाले: क्या पवनदीप-अरुणिता साथ में उठाएंगे ट्रॉफी? एक दिन पहले दोनों ने तोड़ी चुप्पी












Click it and Unblock the Notifications