'हिंदी' पर अपने बयान से बखेड़ा मचाने वाले अजय देवगन हैं कितनी संपत्ति के मालिक?
नई दिल्ली, 29 अप्रैल: विमल पान मसाला को लेकर शुरू हुआ विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अजय देवगन ट्विटर पर कन्नड़ एक्टर किच्चा सुदीप से भिड़ गए। इसके पीछे की वजह हिंदी भाषा थी। इसके बाद दोनों एक्टर ने एक-दूसरे पर जमकर पलटवार किया। जिस वजह से अजय ट्विटर पर छाए हुए हैं। वैसे बहुत से लोग आरोप लगा रहे कि अजय ये सब पब्लिसिटी और पैसों के लिए कर रहे। आइए जानते हैं कि उनके पास कितनी संपत्ति है-

कहां से होती है कमाई?
अजय देवगन फिल्मों और विज्ञापनों से जमकर कमाई करते हैं। फीस के अलावा वो फिल्मों में होने वाले प्रॉफिट में भी हिस्सेदारी लेते हैं। इस वजह से वो बॉलीवुड में सबसे ज्यादा टैक्स भरने वाले एक्टर्स में से एक हैं। उनको महंगी कारों का भी शौक है। साथ ही मुंबई में कई जगह पर उनकी प्रॉपर्टी भी है।

इतनी है संपत्ति
फरवरी 2022 में आई एक रिपोर्ट के मुताबिक अजय देवगन की कुल संपत्ति 40 मिलियन डॉलर के करीब है। इसे रुपये में कंवर्ट करें तो ये 295 करोड़ रुपये के आसपास आएगी। रिपोर्ट में बताया गया कि एक्टर एक फिल्म के लिए 30 से 50 करोड़ रुपये तक चार्ज करते हैं। हाल ही में फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी रिलीज हुई थी, उसमें छोटे से रोल के लिए उन्होंने 11 करोड़ रुपये लिए।

मुंबई में दो घर
अजय देवगन की हर महीने की कमाई 2 करोड़ से ज्यादा बताई जाती है। प्रॉपर्टी की बात करें तो अजय देवगन का जुहू में एक फ्लैट है, जबकि मालगाड़ी रोड पर उनका एक आलीशान बंगला भी है। दोनों की कीमत 25 करोड़ से ज्यादा की बताई जाती है। वहीं उनके कार कलेक्शन में टोयोटा सलीका, बीएमडब्ल्यू, फरारी और मैसेराटी क्वाट्रोपोर्टे जैसी लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं।

ये था किच्चा सुदीप का बयान
वहीं हिंदी पर चल रहे विवाद की बात करें तो सबसे पहले किच्चा सुदीप ने एक इंटरव्यू में हिंदी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि हिंदी कोई राष्ट्र भाषा नहीं है तो अब राष्ट्र भाषा कौन सी है? पैन इंडिया क्या है? क्योंकि हम साउथ से आते हैं तो हमें पैन इंडिया कह दिया जाता है, हिंदी को पैन इंडिया क्यों नहीं कहा जाता? उन्होंने आगे कहा कि साउथ की फिल्म हिंदी भाषी क्षेत्रों में अच्छा कर रही हैं।

अजय ने दिया ये जवाब
वहीं किच्चा सुदीप के बयान पर अजय देवगन ने ट्वीट कर लिखा कि किच्चा सुदीप मेरे भाई, आपके अनुसार अगर हिंदी हमारी राष्ट्र भाषा नहीं है तो आप अपनी मातृभाषा की फिल्मों को हिंदी में डब करके क्यों रिलीज करते हैं? हिंदी हमारी मातृभाषा और राष्ट्र भाषा थी, है और हमेशा रहेगी, जन गण मन। इसके बाद इस विवाद में कई राजनीतिक दल भी कूद गए।












Click it and Unblock the Notifications