CCTV फुटेज से खुला रैपर फाजिलपुरिया पर हमले का राज! फायरिंग से पहले 2 KM तक किया था पीछा
हरियाणवी सिंगर और रैपर राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया (Fazilpuria) पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिला है। सीसीटीवी फुटेज जांच के बाद खुलासा हुआ कि हमलावरों ने सिंगर की कार का करीब 2 किलोमीटर तक पीछा कर फायरिंग की।
गनीमत रही कि हमले वह बच गए। अब इस मामले में एक आरोपी की पहचान हो गई है। इसके साथ ही हमले में शामिल कार भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस के हाथ लगे सीसीटीवी फुटेज में एक टाटा पंच कार कथित तौर पर फाजिलपुरिया की SUV का पीछा कर रही थी। गुड़गांव पुलिस ने मंगलवार को बादशाहपुर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया और आरोपियों को पकड़ने के लिए एक टीम गठित की। उन्होंने टाटा पंच कार और गुड़गांव के सेक्टर 71 स्थित घटनास्थल से एक खाली गोली का खोल भी बरामद किया।
गाड़ी नंबर के आधार पर व्यक्ति की पहचान
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गाड़ी नंबर के आधार पर सोनीपत के रहने वाले सुशील के रूप में एक व्यक्ति की पहचान की है। सुशील ने पुलिस को बताया कि यह गाड़ी उसने सोनीपत के दीपालपुर स्थित रोमियो कार रेंटल सर्विस को दी हुई है। इसके बाद पुलिस ने रोमियो कार रेंटल से पूछताछ की तो पता चला कि इस गाड़ी को सोनीपत के रहने वाले गौतम नामक व्यक्ति ने 11 जुलाई को किराये पर दी थी।
जल्द होगी आरोपियों की पहचान
एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि, 'आरोपियों को (CCTV पर) भी देखा गया है। हमें उम्मीद है कि हम जल्द ही उन्हें (पहचान कर) पकड़ लेंगे।' सीसीटीवी फुटेज शाम 5.58 बजे का है, जब कार सवार अज्ञात हमलावरों ने 35 वर्षीय फाजिलपुरिया पर कथित तौर पर गोली चलाई थी।
घटना के वक्त कहां थे फाजिलपुरिया?
घटना के वक्त वह गुड़गांव के सेक्टर 71 में बादशाहपुर के पास सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) सेक्शन पर अपनी एसयूवी (SUV) के पास खड़े थे। फाजिलपुरिया ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा कि वह अपनी गाड़ी में बैठ गए और सुरक्षित बच गए क्योंकि हमलावर ट्रैफिक के कारण उनका पीछा नहीं कर सके।
फाजिलपुरिया के नाम कई हिट गाने
हरियाणवी लोक संगीत को बढ़ावा देने के लिए जाने जाने वाले फाजिलपुरिया के नाम कई हिट गाने हैं। उन्होंने 2014 में अपने रैप गीत 'लड़की कर गई चुल' से प्रसिद्धि पाई, जो आलिया भट्ट, सिद्धार्थ मल्होत्रा और फवाद खान अभिनीत बॉलीवुड फिल्म कपूर एंड संस में भी दिखाया गया था।
उन्होंने 2024 में जननायक जनता पार्टी (JJP) के उम्मीदवार के रूप में गुड़गांव से कांग्रेस के राज बब्बर और भाजपा के राव इंद्रजीत सिंह के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए।
पिछले साल गुड़गांव पुलिस ने उन्हें और यूट्यूबर एल्विश यादव को एक संगीत वीडियो में दुर्लभ प्रजाति के सांपों और .32 कैलिबर की पिस्तौल का इस्तेमाल करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी दोनों से धन शोधन और रेव पार्टियों में शामिल होने के आरोपों के संबंध में पूछताछ की। एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के प्रावधानों के तहत 58 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चल और अचल संपत्ति जब्त की, जो कथित तौर पर उनसे जुड़ी थी। यह कार्रवाई नोएडा पुलिस द्वारा दर्ज किए गए एक ऐसे ही साँप के जहर के मामले से संबंधित जाँच का हिस्सा थी।












Click it and Unblock the Notifications